रणजी ट्रॉफी: ऋतुराज गायकवाड़ का शतक, साई किशोर के 10 विकेट; पंजाब, बंगाल और यूपी की जीत
नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (हि.स.)। रणजी ट्रॉफी के दूसरे दौर के तीसरे दिन मंगलवार को बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। महाराष्ट्र के ऋतुराज गायकवाड़ ने शतक जड़ा, जबकि तमिलनाडु के साई किशोर ने 10 विकेट लेकर उत्तराखंड के खिलाफ टीम को पारी और 66 रन से जीत दिलाई। पंजाब के हरप्रीत बराड़ और बंगाल के शाहबाज अहमद ने भी गेंद से प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश और बंगाल के साथ विदर्भ ने भी जीत दर्ज की।
साई किशोर के 10 विकेट, तमिलनाडु की बड़ी जीत
साई किशोर ने पहली पारी में 40 रन देकर चार और दूसरी पारी में 34 रन देकर छह विकेट झटके। उनके इस प्रदर्शन से तमिलनाडु ने उत्तराखंड को पारी और 66 रन से हराया।
उत्तराखंड की टीम पहली पारी में 134 रन पर सिमट गई थी। इसके जवाब में तमिलनाडु ने प्रदोष रंजन पॉल के 136 और बाबा इंद्रजीत के 77 रन की मदद से 313 रन बनाए। पहली पारी में 179 रन से पिछड़ने के बाद उत्तराखंड दूसरी पारी में 113 रन पर ढेर हो गया। प्रदोष को शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ऋतुराज और बावने के शतक से महाराष्ट्र मजबूत
झारखंड के पहली पारी के 169 रन के जवाब में महाराष्ट्र ने तीसरे दिन अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 527 रन बनाकर घोषित कर दी। ऋतुराज गायकवाड़ ने 172 गेंदों में 101 रन बनाए, जबकि अंकित बावने ने 358 गेंदों पर 169 रन की पारी खेली। बावने का यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 26वां शतक था।
महाराष्ट्र को पहली पारी में 358 रन की बढ़त मिली। दिन का खेल समाप्त होने तक झारखंड ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 130 रन बना लिए थे। शिखर मोहन 74 और उत्कर्ष सिंह 45 रन बनाकर नाबाद थे।
विदर्भ ने मुश्किल हालात से निकलकर दर्ज की जीत
तीन बार की चैंपियन विदर्भ को मौजूदा चैंपियन जम्मू-कश्मीर के खिलाफ आसान जीत नहीं मिली। जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 260 रन बनाए, जबकि विदर्भ ने रविकुमार समर्थ के 143 रन की बदौलत 305 रन बनाकर 45 रन की बढ़त हासिल की।
दूसरी पारी में जम्मू-कश्मीर की टीम 123 रन पर सिमट गई। नचिकेत भुटे ने पांच विकेट लिए। इससे विदर्भ को जीत के लिए 79 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन टीम की हालत छह विकेट पर 26 रन के स्कोर पर बेहद खराब हो गई। सुनील कुमार ने चार विकेट लेकर विदर्भ को संकट में डाल दिया। इसके बाद हर्ष दुबे (नाबाद 22) और नचिकेत भुटे (नाबाद 13) ने टीम को तीन विकेट शेष रहते जीत दिला दी।
रिंकू सिंह के शतक से उत्तर प्रदेश जीता
उत्तर प्रदेश ने गोवा को 68 रन से हराया। रिंकू सिंह ने पहली पारी में 118 रन की नाबाद पारी खेली और दूसरी पारी में 24 रन बनाए। उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में 202 रन बनाए थे, जबकि गोवा की टीम 164 रन पर आउट हुई।
दूसरी पारी में उत्तर प्रदेश ने 197 रन बनाए और गोवा के सामने 236 रन का लक्ष्य रखा। गोवा की ओर से सुयश प्रभुदेसाई ने 72 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 167 रन पर सिमट गई। कार्तिक यादव ने पांच और वैभव चौधरी ने तीन विकेट लिए। रिंकू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
हरप्रीत और शाहबाज का शानदार प्रदर्शन
पंजाब ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ मजबूत स्थिति बना ली। कप्तान उदय सहारन के 161 और सलिल अरोड़ा के 107 रन की बदौलत पंजाब ने पहली पारी में 456 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की टीम हरप्रीत बराड़ की घातक गेंदबाजी के सामने 206 रन पर सिमट गई। हरप्रीत ने 56 रन देकर सात विकेट लिए।
पंजाब ने फॉलोऑन दिया। दिन का खेल खत्म होने तक छत्तीसगढ़ ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 123 रन बनाए थे और वह अब भी 127 रन पीछे था।
दूसरी ओर, शाहबाज अहमद के प्रभावी प्रदर्शन से बंगाल ने सर्विसेज को 60 रन से हराया। शाहबाज ने पहली पारी में चार और दूसरी पारी में तीन विकेट लिए। सर्विसेज की टीम 209 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 148 रन पर आउट हो गई।
मुंबई ने हिमाचल के खिलाफ बनाया विशाल स्कोर
42 बार की चैंपियन मुंबई ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ आठ विकेट पर 528 रन बनाकर पहली पारी घोषित की। सरफराज खान ने 154 और आकाश आनंद ने 117 रन बनाए। सिद्धेश लाड ने 87 तथा मुशीर खान ने 57 रन का योगदान दिया।
हिमाचल प्रदेश की टीम पहली पारी में 140 रन पर आउट हुई थी। दिन का खेल समाप्त होने तक उसने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 144 रन बना लिए थे और वह अभी 244 रन पीछे थी।
मध्य प्रदेश और पुडुचेरी के बीच मुकाबले में भी मध्य प्रदेश मजबूत स्थिति में रहा। रजत पाटीदार ने 122 रन बनाए, जबकि चंचल राठौर ने 78 और शुभम शर्मा ने 58 रन का योगदान दिया। मध्य प्रदेश ने पहली पारी में 345 रन बनाकर 168 रन की बढ़त हासिल की। दिन के अंत तक पुडुचेरी ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 98 रन बना लिए थे।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय