सब जूनियर महिला हॉकी: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, असम और महाराष्ट्र ने दर्ज की जीत
रांची, 05 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के रांची में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के पांचवें दिन रविवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, असम, पंजाब और महाराष्ट्र ने अपने-अपने मैचों में जीत दर्ज की।
दिन की शुरुआत पूल डी, डिवीजन ए के एक मैच से हुई, जिसमें उत्तर प्रदेश हॉकी ने छत्तीसगढ़ हॉकी को 5-1 से हराया। कप्तान एरिका (7वें मिनट, 57वें मिनट) और राशि सिंह (35वें मिनट, 49वें मिनट) ने दो - दो गोल दागे। ममता कुमारी (35वें मिनट) ने एक गोल किया। छत्तीसगढ़ हॉकी की ओर से रिया खलखो (50वें मिनट) ने मैच का एकमात्र गोल दागा।
इसी डिवीजन में, पूल सी के एक मैच में हॉकी मध्य प्रदेश ने मणिपुर हॉकी को 6-3 से हराया। नाज नौशीन (12वें, 33वें और 60वें मिनट) ने हैट्रिक लगाई, जबकि भाविका (15वें और 22वें मिनट) ने दो गोल दागे। हॉकी मध्य प्रदेश के लिए यादव जागृति (56वें मिनट) ने भी एक गोल किया। मणिपुर हॉकी के लिए सेराम मेनथोई चानू (23वें और 38वें मिनट) ने दो गोल किए, जबकि चानू खारिबम शखेनबी (40वें मिनट) ने तीसरा गोल दागा।
दिन में बाद में, डिवीजन 'बी', पूल बी के एक मैच में हॉकी उत्तराखंड ने हॉकी गुजरात को 9-2 से हरा दिया। मीनाक्षी (5वें, 20वें, 34वें, 37वें, 47वें मिनट) ने पांच गोल करके शानदार प्रदर्शन किया, जबकि करीना (5वें, 41वें मिनट) ने दो गोल दागे। हॉकी उत्तराखंड की ओर से देवयानी (22वें) और रिया (54वें मिनट) ने भी गोल किए। हॉकी गुजरात की ओर से कप्तान परमार (29 वें मिनट) और कृष्णा घीवाला (55वें मिनट) ने गोल दागे।
इसी डिवीजन में, पूल ए के एक मैच में असम हॉकी ने हॉकी बंगाल को 3-2 से हराया। असम हॉकी की ओर से एक्का ज्योश्ना (22वें और 53वें मिनट में) ने दो गोल दागे, वहीं तनु यादव (29वें मिनट में) ने भी एक गोल किया। हॉकी बंगाल की ओर से खातून कुओशीष (9वें और 12वें मिनट में) ने दोनों गोल किए।
डिवीजन ए, पूल बी के एक मैच में हॉकी पंजाब ने हॉकी आंध्र प्रदेश को 2-0 से हराया। रश्मीन कौर (37वें मिनट) और जरमनप्रीत कौर (56वें मिनट) ने हॉकी पंजाब के लिए गोल किए।
ए डिवीजन के दिन के अंतिम मैच में हॉकी महाराष्ट्र ने हॉकी बिहार पर 3-0 से जीत दर्ज की। पूर्वा दुपारे (8वें मिनट) ने पहला गोल किया, जबकि अवनी रावत (49वें और 59वें मिनट) ने दो गोल करके जीत को सुनिश्चित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह