प्रो रेसलिंग लीग ने सुंदरकांड पाठ का किया आयोजन, आध्यात्मिकता और खेल जगत का संगम
नोएडा, 01 मई (हि.स.)। प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) ने खेल उत्कृष्टता के साथ सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने के अपने निरंतर प्रयासों के तहत शुक्रवार शाम नोएडा में एक विशेष सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया। प्रसिद्ध आध्यात्मिक वक्ता रसराज जी महाराज के नेतृत्व में आयोजित इस भक्ति कार्यक्रम में कुश्ती जगत के सदस्य, गणमान्य अतिथि और अन्य मेहमान शामिल हुए, जिन्होंने आस्था, सकारात्मकता और एकता से भरी एक शाम का अनुभव किया।
इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए दयान फ़ारूक़ी ने कहा, “पीडब्ल्यूएल के एक सफल सीजन का समापन हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। इस तरह के सुंदरकांड पाठ जैसे आयोजन हमें आत्मचिंतन, आभार व्यक्त करने और कुश्ती समुदाय के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने का अवसर देते हैं। यह उपलब्धि और एकता दोनों का उत्सव मनाने का एक बेहतरीन माध्यम है।”
अखिल गुप्ता, सीईओ एवं प्रमोटर, पीडब्ल्यूएल और इस सुंदरकांड के आयोजक ने कहा, “पीडब्ल्यूएल में हम केवल खेल उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि आंतरिक शक्ति और मूल्यों के विकास में भी विश्वास रखते हैं। सुंदरकांड पाठ का आयोजन हमारे लिए एक महत्वपूर्ण परंपरा बन चुका है, खासकर ऐसे अवसरों पर जैसे लीग के सफल समापन के बाद। यह पूरे समुदाय को आध्यात्मिकता और सकारात्मकता के माध्यम से एक साथ लाता है।”
कार्यक्रम का समापन रात्रिभोज के साथ हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने आपसी संवाद और संबंधों को और मजबूत किया। ऐसे सुंदरकांड आयोजनों के माध्यम से पीडब्ल्यूएल भारतीय खेल जगत में समग्र विकास और सामुदायिक भावना को लगातार सुदृढ़ करता आ रहा है।
यह सुंदरकांड पाठ ओनो क्रिएटर्स ने पीडब्ल्यूएल की ओर से आयोजित किया गया, जो न केवल एक आध्यात्मिक आयोजन था, बल्कि हाल ही में सफलतापूर्वक संपन्न हुए प्रो रेसलिंग लीग के सीजन के उपलक्ष्य में भी आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में दयान फारूकी, चेयरमैन एवं प्रमोटर, पीडब्ल्यूएल सहित कई प्रमुख पहलवान और खेल जगत के अन्य हितधारक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभात मिश्रा