पंजाब में होगा पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट, पाकिस्तान भी करेगा भागीदारी
- भारत-पाकिस्तान मैच 1 नवंबर को, दर्शकों के लिए प्रवेश रहेगा निशुल्क
मोहाली, 14 सितंबर (हि.स.)। पंजाब इस साल पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक खेला जाएगा और पाकिस्तान की टीम भी इसमें हिस्सा लेगी।
हॉकी इंडिया के अधिकारियों ने सोमवार को मोहाली के फेज-9 स्थित बलबीर सिंह सीनियर हॉकी स्टेडियम के दौरे के दौरान कार्यक्रम की जानकारी दी। टूर्नामेंट का उद्घाटन 27 अक्टूबर को दोपहर 2:30 बजे जालंधर में होगा। लीग चरण के मुकाबले जालंधर में खेले जाएंगे, जबकि नॉकआउट मैच, सेमीफाइनल, फाइनल और समापन समारोह 5 नवंबर को मोहाली में आयोजित होंगे। सबसे अधिक इंतजार भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले का रहेगा। यह मैच 1 नवंबर को पंजाब दिवस के अवसर पर जालंधर में खेला जाएगा।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सहित अन्य अधिकारियों ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मोहाली स्टेडियम परिसर का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। भगवंत मान ने कहा कि पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में भाग लेने की पुष्टि कर दी है और हॉकी इंडिया की ओर से भी हरी झंडी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि यह द्विपक्षीय श्रृंखला नहीं, बल्कि बहु-देशीय प्रतियोगिता है, इसलिए पाकिस्तान टीम की यात्रा को भी स्वीकृति मिली है।
हॉकी इंडिया महासचिव भोला नाथ ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के हॉकी महासंघों के बीच अच्छे संबंध हैं और दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच भी खेल भावना मजबूत रही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान टीम ने पंजाब में टूर्नामेंट खेलने में रुचि दिखाई है। टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, जापान, मलेशिया, चीन और कोरिया की छह टीमें भाग लेंगी। ओमान और बांग्लादेश को रिजर्व टीमों के रूप में रखा गया है। उद्घाटन मुकाबला जापान और मलेशिया के बीच खेला जाएगा।
इस दौरान टूर्नामेंट का लोगो भी जारी किया गया, जिसमें पूर्व भारतीय कप्तान और मौजूदा खिलाड़ी मनप्रीत सिंह को स्थान दिया गया है। आयोजकों ने घोषणा की कि जालंधर और मोहाली दोनों स्थानों पर दर्शकों को निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि दोनों स्टेडियमों में उन्नयन कार्य चल रहा है, जिसे टूर्नामेंट से पहले पूरा कर लिया जाएगा। इनमें स्क्रीन, बेहतर बैठने की व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अन्य सुविधाएं शामिल होंगी।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH