वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे से प्रसिद्ध कृष्णा बाहर, अनशुल कांबोज को मिला मौका
नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। वेस्टइंडीज के भारत दौरे के बीच भारतीय टीम में दो अहम बदलाव किए गए हैं। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में नहीं खेल पाएंगे। उन्हें गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान चोट लगी थी।
चयन समिति ने प्रसिद्ध कृष्णा की जगह अनशुल कांबोज को वनडे टीम में शामिल किया है। कांबोज चंडीगढ़ में टीम के साथ जुड़ेंगे।
तीसरे वनडे के लिए भारत की टीम में कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल, ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, गुर्नूर बराड़, मोहम्मद सिराज, औकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर और अनशुल कांबोज होंगे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज से वॉशिंगटन सुंदर को बाहर कर दिया गया है। टीम प्रबंधन और चयन समिति ने यह फैसला न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारी को ध्यान में रखते हुए लिया है।
11 अक्टूबर से रणजी ट्रॉफी का नया सत्र शुरू होना है। ऐसे में वॉशिंगटन सुंदर अपनी राज्य टीम के लिए लाल गेंद से क्रिकेट खेलकर टेस्ट सीरीज की तैयारी कर सकेंगे। उनकी जगह नमन धीर को टी-20 टीम में शामिल किया गया है।
भारत की संशोधित टी-20 टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर के पास रहेगी, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, संजू सैमसन, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव और नमन धीर भी शामिल हैं।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय