अरामको चाइना चैंपियनशिप : प्रणवी उर्स संयुक्त 57वें स्थान पर, गाल्मेस और हीथ शीर्ष पर

 




शेनझेन, 07 नवंबर (हि.स.)। भारतीय गोल्फर और एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता प्रणवी उर्स ने अरामको चाइना चैंपियनशिप के तीसरे दौर में एक बार फिर पार 73 का कार्ड खेला। तीन दौर के बाद उनका कुल स्कोर एक ओवर 218 है और वह संयुक्त रूप से 57वें स्थान पर हैं। प्रतियोगिता का एक दौर अभी बाकी है।

मिशन हिल्स वर्ल्ड कप कोर्स पर खेलते हुए प्रणवी ने तीसरे दिन दो बर्डी और दो बोगी लगाईं। उन्होंने पांचवें होल पर बर्डी के साथ शुरुआत की, लेकिन नौवें और 16वें होल पर शॉट गंवा दिए। 18वें होल पर दूसरी बर्डी लगाकर उन्होंने अपना दौर पार स्कोर पर समाप्त किया। प्रणवी ने अब तक 73, 72 और 73 के कार्ड खेले हैं।

वहीं, स्पेन की लूना सोब्रोन गाल्मेस और इंग्लैंड की शार्लेट हीथ 16 अंडर पार के कुल स्कोर के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गई हैं। दोनों के बीच अंतिम दौर में खिताब के लिए मुकाबला होगा।

गाल्मेस ने तीसरे दिन पांच अंडर 68 का शानदार कार्ड खेला। उन्होंने दूसरे होल पर बर्डी लगाई, जबकि चौथे होल पर एक शॉट गंवाया। इसके बाद पांचवें और छठे होल पर लगातार बर्डी लगाईं। आठवें, 10वें और 11वें होल पर भी बर्डी हासिल की। 15वें होल पर बोगी के बावजूद 17वें होल पर बर्डी लगाकर उन्होंने अपना दौर पांच अंडर पर समाप्त किया। 32 वर्षीय गाल्मेस लेडीज यूरोपियन टूर (एलईटी) में अपने पहले खिताब की तलाश में हैं।

इंग्लैंड की हीथ ने तीसरे दौर में एक भी बोगी नहीं की। उन्होंने पांचवें और 10वें होल पर बर्डी लगाई तथा अंतिम तीन होल पर लगातार बर्डी हासिल कर गाल्मेस की बराबरी कर ली।

इंग्लैंड की मिमी रोड्स 15 अंडर के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर हैं। चेक गणराज्य की सारा कौसकोवा 14 अंडर के साथ चौथे और इंग्लैंड की एनाबेल फुलर 13 अंडर के साथ पांचवें स्थान पर हैं। चीन की रुइशिन लियू, युजी लियू, शियुआन झोउ और लिकी जेंग 12 अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त छठे स्थान पर हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय