स्पोर्ट्स कॉलेज में दाखिले के लिए खिलाड़ियों ने दूसरे दिन भी झोंकी ताकत
चयन ट्रायल्स में मुरादाबाद और बरेली मंडल के 164 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया
मुरादाबाद, 20 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश पाने के लिए बुधवार को दूसरे व आखिरी दिन नेताजी सुभाषचंद्र बोस सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा।
क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार ने बुधवार को बताया कि दो दिनों तक चले चयन ट्रायल्स में मुरादाबाद और बरेली मंडल के 164 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों का चयन स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, फतेहपुर व सहारनपुर में प्रवेश के लिए किया जाएगा।
खिलाड़ियों ने सत्र 2026-27 के लिए आयोजित प्रारंभिक चयन परीक्षा और ट्रायल्स में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आज मुरादाबाद मंडल से सात और बरेली मंडल से पांच खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। दोनों दिनों के ट्रायल्स को मिलाकर मुरादाबाद मंडल से बालक वर्ग में 75 और बालिका वर्ग में 10 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जबकि बरेली मंडल से बालक वर्ग में 67 और बालिका वर्ग में 12 खिलाड़ी मैदान में उतरे।
इस तरह कुल 164 खिलाड़ियों दो दिन तक चले ट्रायल्स में मुरादाबाद और बरेली मंडल के 164 खिलाड़ी हुए शामिल ने चयन के लिए अपनी दावेदारी पेश की। ट्रायल्स के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीक और खेल कौशल को परखा गया।
विशेषज्ञ प्रशिक्षकों और अधिकारियों की देखरेख में ट्रायल्स संपन्न कराए गए। एथलेटिक्स में सुरेंद्र पाल, क्रिकेट में सुनील कुमार सिंह, फुटबॉल में रामचंद्र, कबड्डी में हरफूल सिंह, बॉक्सिंग में भूपेंद्र सिंह यादव, हैंडबॉल में मो. इरफान, भारोत्तोलन में अरविंद सिंह कुशवाहा और तैराकी में निशित दीक्षित ने खिलाड़ियों की प्रतिभा को परखा।
पूरी चयन प्रक्रिया क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी मेरठ जितेंद्र यादव की निगरानी में संपन्न हुई। आयोजन में ललिता चौहान, निशा, सचिन कुमार विश्नोई, गोविंद कुमार यादव, मो. आसिफ सिद्दीकी, धीरज कुमार सहित प्रशिक्षकों का सहयोग रहा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल