'प्लानिंग और एक्जीक्यूशन ने बनाया फर्क', नवदीप सैनी ने जीत का खोला राज

 


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने अरुण जेटली स्टेडियम में बारिश से प्रभावित 10 ओवर के मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को 39 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच के बाद तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने टीम की सफलता का श्रेय बेहतर रणनीति और उसके प्रभावी क्रियान्वयन को दिया।

सैनी ने कहा, पिछले दो मुकाबलों में हमने एक करीबी मैच जीता और एक गंवाया था। इसलिए आज हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करना जरूरी था। हमारी जीत की सबसे बड़ी वजह हमारी प्लानिंग और उसका सटीक अमल रहा। खिलाड़ियों ने तय रणनीति पर भरोसा रखा और उसे मैदान पर बखूबी लागू किया।

उन्होंने सलामी बल्लेबाज यजस शर्मा की भी जमकर सराहना की, जिन्होंने लगातार दूसरे मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। सैनी ने कहा, यजस की प्रतिभा से हम सभी परिचित हैं। घरेलू क्रिकेट और स्थानीय टूर्नामेंटों में उन्होंने खुद को साबित किया है। उन्हें इसी तरह बड़े मंच पर प्रदर्शन करते देखना खुशी की बात है।

बारिश के कारण मुकाबला 10-10 ओवर का होने पर सैनी ने बताया कि टीम ने उसी के अनुसार अपनी रणनीति तैयार की थी। उन्होंने कहा, हमें पता था कि छोटे मैच में विपक्ष शुरुआत से ही आक्रामक खेलेगा। हमारा ध्यान अपनी लाइन-लेंथ और योजनाओं पर कायम रहने का था, जिसका हमें पूरा फायदा मिला।

इससे पहले, पहले बल्लेबाजी करते हुए आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 10 ओवर में 132/2 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। यजस शर्मा ने नाबाद 64 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें पांच छक्के और पांच चौके शामिल रहे। वहीं, अक्षय सैनी ने 20 और मोनू शुक्ला ने नाबाद 21 रन का योगदान दिया।

133 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 16 रन पर चार विकेट गंवा दिए। इसके बाद तेजस्वी दहिया (18) और एकांश दोबाल (35) ने 52 रन की साझेदारी कर संघर्ष किया, लेकिन दोबाल के आउट होते ही पूरी टीम 93 रन पर सिमट गई।

गेंदबाजी में नवदीप सैनी ने दो ओवर में 9 रन देकर तीन विकेट झटके और मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शामिल रहे। अन्य गेंदबाजों ने भी अनुशासित प्रदर्शन करते हुए टीम की एकतरफा जीत सुनिश्चित की।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय