नुपुर कुमरावत ने 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में मारी बाजी
भोपाल, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की निशानेबाज नुपुर कुमरावत ने 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर राइफल प्रोन महिला ISSF स्पर्धा का खिताब अपने नाम किया। भोपाल स्थित मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में चल रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में नुपुर ने 624.3 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट की प्रिया 623.9 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि महाराष्ट्र की भक्ति भास्कर खामकर ने 622.2 अंक बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया। पंजाब की अंजुम मौदगिल चौथे स्थान पर रहीं। गुजरात की लज्जाकुमारी तिलकपुरी गौस्वामी पांचवें, केरल की विदर्शा के. विनोद छठे, गुजरात की पल्लवी सुथार सातवें और रेलवे की आयुषी पोद्दार आठवें स्थान पर रहीं।
जूनियर महिला वर्ग में तमिलनाडु की एम.ए. अक्षधा ऐश्वर्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 618.2 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। पंजाब की निमरत कौर बराड़ ने 617.7 अंक लेकर रजत पदक हासिल किया, जबकि मध्य प्रदेश की प्रथा राठौड़ 617.6 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। मध्य प्रदेश की युगेश्वरी बैस चौथे स्थान पर रहीं।
युवा महिला वर्ग में भी एम.ए. अक्षधा ऐश्वर्या का दबदबा देखने को मिला। उन्होंने 618.2 अंक बनाकर दूसरा स्वर्ण अपने नाम किया और प्रतियोगिता में दोहरा खिताब हासिल किया। इस वर्ग में भी निमरत कौर बराड़ दूसरे और प्रथा राठौड़ तीसरे स्थान पर रहीं।
टीम स्पर्धा में पंजाब की टीम ने 1856.1 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। टीम में अंजुम मौदगिल, निमरत कौर बराड़ और सिफ्ट कौर समरा शामिल थीं। मध्य प्रदेश की टीम 1853.1 अंकों के साथ दूसरे और हरियाणा की टीम 1849.1 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
मास्टर महिला वर्ग में महाराष्ट्र की तेजस्विनी सावंत ने 617.9 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। पश्चिम बंगाल की कुहेली गांगुली दूसरे और महाराष्ट्र की अंजलि भागवत तीसरे स्थान पर रहीं।
डेफ महिला वर्ग में महाराष्ट्र की नताशा उदय जोशी ने 608.7 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि महाराष्ट्र की ही प्रीयेशा देशमुख दूसरे स्थान पर रहीं।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय