एनएस क्रिकेट एकेडमी ने एमपीएस क्रिकेट एकेडमी को 47 रन से हराया
मुरादाबाद, 22 मई (हि.स.)। एनएस क्रिकेट एकेडमी ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर एमपीएस क्रिकेट एकेडमी को 47 रन से हरा दिया। कैफ पाशा व रेयान तुर्क की शतकीय पारियों से एनएस एकेडमी को जीत मिली है।
मुकाबले में एनएस एकेडमी के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और 35 ओवर में तीन विकेट पर 280 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कैफ पाशा ने बेहतरीन 109 रन की पारी खेली। उन्होंने 108 गेंदों में 12 चौके लगाए। वहीं रेयान तुर्क ने 77 गेंदों में 100 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनकी पारी में 14 चौके और एक छक्का शामिल रहा। हसन तुर्क ने नाबाद 35 रन का योगदान दिया।
एमपीएस की ओर से आरव कश्यप, अयान सुधाकर और वंश सक्सेना को एक-एक विकेट मिला। 281 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमपीएस क्रिकेट अकादमी की शुरुआत धीमी रही। अयान सुधाकर ने 77 गेंदों में 93 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। उन्होंने नौ चौके और दो छक्के लगाए। शानू ने भी 63 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन टीम 35 ओवर में पांच विकेट पर 233 रन ही बना सकी। एनएस क्रिकेट एकेडमी की ओर से अली शान ने दो विकेट लिए। हसन तुर्क, फैज खान और मोहम्मद रजा को एक-एक सफलता मिली। बल्लेबाजी में दमदार प्रदर्शन के चलते कैफ पाशा तुर्क और रैयान तुर्क जीत के नायक रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल