उत्तर प्रदेश महिला क्रिकेट सीनियर टीम में निशि कश्यप और पलक सिंह चयनित
मुरादाबाद, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की सीनियर महिला क्रिकेट टीम में मुरादाबाद की निशी कश्यप और मुरादाबाद में प्रशिक्षण ले रहीं मेरठ की पलक सिंह का चयन हुआ है। मुसिविल लाइंस निवासी बल्लेबाज और विकेटकीपर निशी कश्यप चौथी बार सीनियर टीम में चुनी गईं हैं, जबकि मेरठ के लोहिया नगर निवासी गेंदबाज पलक सिंह को पहली बार मौका मिला है। पलक सिंह मुरादाबाद की क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं।यूपी महिला क्रिकेट सीनियर टीम 26 अक्टूबर को पुणे में हैदराबाद के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी।
पूर्व रणजी खिलाड़ी और डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव विजय गुप्ता एडवोकेट ने बुधवार को बताया कि निशी ने करीब 15 साल की उम्र में स्कूल में दोस्तों को क्रिकेट खेलते देखकर इस खेल की शुरुआत की थी। रिश्तेदार उनके माता-पिता को क्रिकेट खेलने से रोकते थे लेकिन परिवार ने उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया और बेटी को आगे बढ़ने का मौका दिया।
निशी बतातीं हैं कि वह माता पिता की मेहनत और सहयोग से ही यहां तक पहुंची हैं। रेलवे में टीसी (टिकट कलेक्टर) के पद पर तैनात निशी तीन साल तक अंडर-19 और अंडर-23 स्तर पर भी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। अब उनका लक्ष्य भारतीय टीम में जगह बनाना है।
वहीं पलक ने 16 साल की उम्र में मेरठ में घर से करीब 15 किलोमीटर दूर स्टेडियम में अभ्यास शुरू किया था। उनके पिता सुबह-शाम साइकिल से उन्हें स्टेडियम छोड़ने जाते थे। बाद में उन्होंने खुद साइकिल से आना जाना शुरू कर दिया। छुट्टी के दिन भी अभ्यास जारी रखा। पिछले चार साल से वह मुरादाबाद में दिल्ली रोड स्थित एमपीएस क्रिकेट एकेडमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। वह उत्तर प्रदेश की ओर से अंडर-19 और अंडर-23 प्रतियोगिताओं में खेल चुकी हैं।
एमपीएस क्रिकेट एकेडमी के कोच मिर्जा दानिश आलम ने बताया कि पलक लगातार अपने खेल को निखार रही हैं। सीनियर टीम में चयन उनके लिए बड़ा अवसर है। उनका लक्ष्य भी भारतीय टीम में खेलना है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल