लिटिल मास्टर कप नाइट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट एकेडमी बनी चैंपियन

 




बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए नितिन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया

मुरादाबाद, 22 मई (हि.स.)। दिल्ली रोड स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल के मैदान पर शुक्रवार आयोजित लिटिल मास्टर कप नाइट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी को आठ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। मुकाबला 30 ओवर के फॉर्मेट में खेला गया। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए नितिन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

फाइनल मैच में रुक्मणी एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत सामान्य रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 29.5 ओवर में 153 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से नीतीश ने 36 गेंदों में 24 रन और अरबाज ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंदों पर 22 रन बनाए। नेक्स्ट जनरेशन की ओर से गेंदबाजी में देव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट झटके। वहीं समर और सिंहम ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।

154 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट एकेडमी ने दमदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम ने सिर्फ 26.3 ओवर में दो विकेट खोकर 155 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में आरिज और नितिन की साझेदारी निर्णायक साबित हुई। आरिज ने 66 गेंदों में 66 रन की शानदार पारी खेली, जबकि नितिन ने 56 गेंदों में नाबाद 56 रन बनाए। रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी की ओर से भावित और जैद को एक-एक विकेट मिला। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए नितिन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मुकाबले के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में विवेक ठाकुर और सलमान आजम मौजूद रहे।

कार्यक्रम में एमपीएस के प्रिंसिपल शकील अहमद, कोच मिर्जा दानिश आलम, रविंद्र सिंह, पंकज भटनागर, प्रियांशु जोशी, बदरुद्दीन सिद्दीकी, अनु गिल समेत कई लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल