65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मप्र की नितिका ने जीता कांस्य पदक
- पोल वॉल्ट स्पर्धा में 4.10 मीटर की छलांग के साथ एशियाई खेल 2026 के लिए किया क्वॉलीफाई
भोपाल, 25 जून (हि.स.)। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गुरुवार को मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी की खिलाड़ी नितिका आकरे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
भुवनेश्वर में 24 से 28 जून 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता के दूसरे दिन सायंकालीन सत्र में आयोजित महिला पोल वॉल्ट स्पर्धा में नितिका आकरे ने 4.10 मीटर की ऊंचाई पार कर कांस्य पदक अर्जित किया। उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर एशियाई खेल 2026 के लिए निर्धारित क्वालीफिकेशन मानक भी हासिल कर लिया। महिला पोल वॉल्ट स्पर्धा में कुल तीन खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई किया, जिनमें नितिका भी शामिल रहीं।
खेल मंत्री सारंग ने दी बधाई
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नितिका आकरे को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नितिका आगामी एशियाई खेलों में भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
उन्होंने कहा कि नितिका आकरे की यह उपलब्धि प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों, विशेषकर महिला एथलीटों के लिए प्रेरणास्रोत है। यह सफलता दर्शाती है कि प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण के साथ राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर