महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: चीन-मलेशिया का मुकाबला 2-2 से ड्रॉ
- जापान ने थाईलैंड पर बनाई 2-0 की बढ़त, शाम सात बजे भारत और कोरिया के बीच होगी भिड़ंत
भोपाल, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में चल रही महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में शनिवार को चीन और मलेशिया के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों ने आखिरी समय तक बढ़त हासिल करने के लिए जोर लगाया, लेकिन कोई भी निर्णायक गोल नहीं कर सकी। वहीं, दिन के दूसरे मुकाबले में जापान ने थाईलैंड के खिलाफ 2-0 की बढ़त बना ली।
चीन और मलेशिया के बीच मुकाबले में शुरुआती बढ़त मलेशिया ने बनाई। टीम की ओर से मोहम्मद सिति ने 30वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला। चीन ने 34वें मिनट में वेई किक्सियाओ के गोल से बराबरी कर ली। इसके बाद 40वें मिनट में फेंग जियाक्सिन ने दूसरा गोल कर चीन को आगे कर दिया। हालांकि, मलेशिया ने हार नहीं मानी और 44वें मिनट में जुल्किफ्ली नुरामिराह ने गोल दागकर स्कोर 2-2 कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों को कई पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन कोई भी गोल नहीं हो सका।
दिन के दूसरे मुकाबले में जापान ने थाईलैंड के खिलाफ अच्छी शुरुआत की। जापान की सासाकी रिसा ने पहला गोल किया और दूसरे क्वार्टर में एक और गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। हाफ टाइम तक यही स्कोर रहा। जापान और थाईलैंड की टीमों के बीच फिलहाल हाफ टाइम के बाद मैच जारी है।
भारत और कोरिया के बीच शाम को मुकाबला
इधर, शनिवार का आखिरी मैच भारत और कोरिया के बीच शाम सात बजे खेला जाएगा। विश्व रैंकिंग में सातवें स्थान पर मौजूद भारतीय टीम के सामने 15वीं रैंकिंग वाली कोरियाई टीम की चुनौती होगी। एशियाई रैंकिंग में भी भारत दूसरे और कोरिया चौथे स्थान पर है। हालांकि, रैंकिंग के अंतर के बावजूद भारतीय टीम को मैदान पर कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है।
24 नवंबर को चीन से होगा सामना
टूर्नामेंट के लीग चरण में भारतीय टीम को पांच मुकाबले खेलने हैं। मलेशिया के बाद कोरिया से भिड़ंत के बाद भारत 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान के खिलाफ मैदान में उतरेगा। सभी मुकाबले भोपाल में आयोजित किए जा रहे हैं।
लीग चरण के मैच 25 नवंबर तक चलेंगे। इसके बाद 27 नवंबर को टीमों की स्थिति के आधार पर मुकाबले होंगे, जबकि 28 नवंबर को कांस्य और स्वर्ण पदक के लिए मैच खेले जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर