राजा भोज नेशनल सेलिंग चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश के सेलर्स का शानदार प्रदर्शन जारी
- आईएलसीए-4 में वासु चंद्रवंशी और माही वर्मा अव्वल
भोपाल, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अपर लेक स्थित बोट क्लब पर चल रही तृतीय राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैम्पियनशिप-2026 के तीसरे दिन गुरुवार को भी मध्य प्रदेश के सेलर्स ने शानदार प्रदर्शन किया। आज जारी परिणामों में आईएलसीए-4, आईक्यू फॉइल, ट्वेंटिनाइनर, टेक्नो और ऑप्टिमिस्ट सहित कई वर्गों में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने शीर्ष स्थान हासिल किए।
भोपाल की बड़ी झील स्थित बोट क्लब पर 10 से 16 अगस्त तक आयोजित इस राष्ट्रीय रैंकिंग प्रतियोगिता में 12 राज्यों के करीब 100 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। राष्ट्रीय रैंकिंग की इस प्रतियोगिता में प्रतियोगिता में देशभर के सेलर्स अपनी तकनीक, संतुलन, गति और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
आईएलसीए-4 में वासु-माही ने लहरों पर जमाया कब्जा
गुरुवार को हुई आईएलसीए-4 वर्ग प्रतियोगिता के प्रमुख आकर्षणों में रहा। आईएलसीए-4 बॉयज में एनएसएस भोपाल के वासु चंद्रवंशी ने पहला स्थान हासिल किया। उनके साथ एनएसएस भोपाल के शुभम यादव दूसरे, अंकित सिंह सिसोदिया तीसरे और घनश्याम यादव चौथे स्थान पर रहे। इस वर्ग के शीर्ष चार में मध्य प्रदेश के तीन सेलर्स ने जगह बनाई।
वहीं आईएलसीए-4 गर्ल्स में एनएसएस भोपाल की माही वर्मा ने शीर्ष स्थान हासिल किया। तुलसी पटले तीसरे, आस्था पांडे चौथे और मंका शर्मा पांचवें स्थान पर रहीं। इस वर्ग के शीर्ष पांच में मध्यप्रदेश की चार खिलाड़ियों ने जगह बनाकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
आईक्यू फॉइल में आर्यन और प्रार्थना की बादशाहत
आईक्यू फॉइल बॉयज वर्ग में एनएसएस भोपाल के आर्यन पाटीदार ने सभी चार रेस में पहला स्थान हासिल करते हुए 4 नेट अंकों के साथ बाजी मारी। आईक्यू फॉइल गर्ल्स में एनएसएस भोपाल की प्रार्थना भोई ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने चारों रेस में पहला स्थान हासिल कर 4 नेट अंकों के साथ वर्ग में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
ट्वेंटिनाइनर में शोवण्य-हृदय की जोड़ी पहले नंबर पर
ट्वेंटिनाइनर वर्ग में एनवायएससी की शोवण्य जोधा और हृदय जोशी की जोड़ी ने चारों रेस में पहला स्थान हासिल किया। एनएसएस के रुद्रेश सिंह पटेल और मयंक राजपूत ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। ट्वेंटिनाइनर गर्ल्स वर्ग में एनएसएस भोपाल की शगुन झा और अपर्णा चौधरी की जोड़ी ने भी चारों रेस में पहला स्थान हासिल कर शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया।
टेक्नो में भी मध्य प्रदेश के सेलर्स का दबदबा
टेक्नो बॉयज यू-15 में एनएसएस भोपाल के अंकित विश्वकर्मा पहले और एमपीवायए के अयान खान दूसरे स्थान पर रहे। बॉयज यू-17 में एनएसएस भोपाल के सोहम योगेश राजपूत ने पहला, ईएमईएससी भोपाल के आरान मलिक ने दूसरा और एनएसएस भोपाल के स्वस्तिक गौतम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
गर्ल्स यू-15 में एनएसएस भोपाल की अनन्या अवधिया पहले और विपासा सिंह दूसरे स्थान पर रहीं। गर्ल्स यू-17 में वायएएम की प्रियंशी एम. पाटिल ने पहला और एनएसएस भोपाल की तेजस्वी प्रजापति ने दूसरा स्थान हासिल किया।
ऑप्टिमिस्ट में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
ऑप्टिमिस्ट मेन वर्ग में एसएससी की शृंगारी रॉय ने पहला स्थान हासिल किया। बॉयज वर्ग में टीएसए के कोंडा सामन्यु दूसरे, एनएसएस भोपाल के जाग्रव कुमार तीसरे और लिखित अहिरवार चौथे स्थान पर रहे। एनएसएस भोपाल की ध्रुवी टोंडन गर्ल्स वर्ग में सातवें स्थान पर रहीं।
मंत्री सारंग ने खिलाड़ियों को दी बधाई
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने वासु चंद्रवंशी, माही वर्मा सहित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मध्य प्रदेश के सभी सेलर्स को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर लगातार मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर