मुरादाबाद के कुणाल अरोड़ा ने जीता नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल

 




मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित हुई थी यूटीटी फर्स्ट पैरा नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप

मुरादाबाद, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में रहने वाले कुणाल अरोड़ा ने अभय प्रशाल स्टेडियम इंदौर (मध्य प्रदेश) में आयोजित यूटीटी फर्स्ट पैरा नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026-27 में गोल्ड मेडल जीतकर पीतलनगरी का नाम रोशन किया है। कुणाल अरोड़ा के इस पदक को जीतने के बाद अब तक कुल 37 पदकों की संख्या हो गई है, जिसमें नेशनल एवं इंटरनेशनल पदक भी शामिल हैं। यह जानकारी रविवार को वरिष्ठ टेबल टेनिस खिलाड़ी यशपाल अरोड़ा एवं कुणाल के पिता ने दी।

उन्होंने बताया कि अभय प्रशाल स्टेडियम इंदौर में 11 अगस्त से 16 अगस्त तक हुए टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीता है। इस टूर्नामेंट में अपनी केटेगरी में कुल 24 खिलाड़ियों द्वारा भाग लिया गया। इन खिलाड़ियों के आठ ग्रुप बनाकर मैच करवाए गए। टेबल टेनिस में बेस्ट ऑफ़ फाइव सैट का एक मैच होता है, जिसमें से तीन सैट जीतने अनिवार्य होते हैं। एक सैट में पहले 11 पॉइंट बनाने वाले खिलाड़ी के नाम जीत दर्ज होती है। इस टूर्नामेंट में कुणाल अरोड़ा ने अपने ग्रुप राउंड में तुलसीधरा (कर्नाटक) और पारस जोशी (गुजरात) को हराया।

कुणाल अरोड़ा ने अपने अगले राउंड प्रीक्वार्टर मैच में गणेश भट्ट (मध्य प्रदेश) को एक तरफ़ा मुकाबले में 3-0 के स्कोर से हराया। उसके बाद क्वार्टर फाइनल मैच में प्रखर शर्मा (कर्नाटक) को भी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-1 के स्कोर से जीत दर्ज की। इस टूर्नामेंट में कुणाल अरोड़ा ने सेमी फाइनल मैच में अपने कड़े प्रतिद्वंदी और शानदार खिलाड़ी शशिधर कुलकर्णी (कर्नाटक) को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 3-1 के स्कोर से हराकर फाइनल के मुकाबले में प्रवेश किया। कुणाल ने अपने फाइनल मुकाबले में गजानन परमार (महाराष्ट्र) के खिलाड़ी को अपने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-1 के स्कोर से पराजित कर गोल्ड मेडल जीता।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल