खेल कैलेंडर जारी, तीन प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी करेगा मुरादाबाद
मुरादाबाद, 14 जुलाई (हि.स.)। खेल विभाग मुरादाबाद ने मंगलवार को खेल कैलेंडर जारी कर दिया है। आगामी सत्र में जिले को तीन प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली है। जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपने ही मैदान पर प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह मंगलवार को बताया कि जारी कैलेंडर के मुताबिक 18 से 20 सितंबर तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय सीनियर बॉयज टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन जिले में होगा। इसके बाद 15 से 17 अक्तूबर तक जूनियर गर्ल्स स्टेट कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित होगी जिसमें प्रदेशभर की टीमें हिस्सा लेंगी। इसके अलावा फरवरी 2027 में सीनियर गर्ल्स स्टेट हैंडबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी भी मुरादाबाद को मिली है। लगातार तीन बड़े आयोजनों की जिम्मेदारी मिलने से खेल विभाग के साथ-साथ खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है।
क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने आगे बताया कि जिले को मिली यह जिम्मेदारी खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का मंच मिलेगा। खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव भी प्राप्त होगा। खेल विभाग ने तैयारी की रूपरेखा बनानी शुरू कर दी है, ताकि सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन बेहतर ढंग से कराया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल