फुटबॉल में बरेली मंडल की टीम ने मुरादाबाद मंडल की टीम को हराया
मुरादाबाद, 22 मार्च (हि.स.)। खेल निदेशालय और उत्तर प्रदेश फुटबाल संघ की ओर से प्रयागराज में आयोजित राज्य स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता में पांचवें दिन का खेल आज मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में हुआ। जिला फुटबॉल एसोसिएशन मुरादाबाद के महासचिव व कोच नासिर कमाल ने रविवार को बताया कि चौथे मैच में बरेली मंडल ने मुरादाबाद मंडल की टीम को चार-शून्य से हराया। बरेली के अभिषेक और आनंद ने दो-दो गोल किए।
मैच का शुभारम्भ राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी जेपी यादव और नीलेश त्रिपाठी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। आज पहले मैच में बरेली मंडल ने विंध्याचल मंडल की टीम को दो-शून्य से हराया। बरेली मंडल के आनंद राज सोन एवं साहिल ने एक-एक गोल किया। दूसरे मैच में गोरखपुर मंडल ने अयोध्या मंडल की टीम को एक-शून्य से हराया। गोरखपुर मंडल के विवेक ने गोल किया।
तीसरे मैच में वाराणसी मंडल ने लखनऊ मंडल को दो-एक से हराया। वाराणसी मंडल के नयन और गोविंद ने एक-एक गोल किया। लखनऊ मंडल के शोभित ने एक गोल किया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल