मिनी नेशनल आर्चरी चैम्पियनशिप : देवरिया का दमदार प्रदर्शन, प्रज्ञा ने जीता रजत पदक

 




देवरिया, 28 मार्च (हि.स.)। आंध्र प्रदेश के गुंटूर में आयोजित मिनी नेशनल आर्चरी चैम्पियनशिप में संजेवा सिंह आर्चरी इंस्टीट्यूट, देवरिया के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

कोच संजीव सिंह ने बताया कि अंडर-13 वर्ग में प्रज्ञा सिंह ने 347 अंक प्राप्त कर पूरे भारत में द्वितीय स्थान हासिल किया और रजत पदक अपने नाम किया। वहीं आर्य प्रताप सिंह (कंपाउंड) ने 350 अंक के साथ 8वां स्थान प्राप्त किया। कोच ने बताया कि प्रभात ने 345 अंक के साथ भारत में 14वां स्थान हासिल किया तथा उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहे। आज हुए एलिमिनेशन (व्यक्तिगत मुकाबलों) में प्रज्ञा सिंह: 1/64 में झारखंड की नैरा को 6-0 से हराया। वहीं 1/16 में हरियाणा की सिमरन को 6-0 से हराया। वहीं 1/8 में तमिलनाडु की मधुमिशा के साथ कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें 5-5 की बराबरी के बाद हार का सामना करना पड़ा।

कोच ने बताया कि प्रभात 1/64 में दिल्ली के निष्ठान को 6-0 से हराया। 1/16 में तेलंगाना के निशांत को 6-2 से हराया। वहीं 1/8 में महाराष्ट्र के अर्नव को 6-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल (1/4) में दिल्ली के पियूष के साथ मुकाबला 5-5 की बराबरी पर रहा, जिसमें करीबी अंतर से हार मिली।

कोच ने बताया कि आर्य प्रताप सिंह (कंपाउंड) 1/64 में केरल के आरव को 144-133 से हराया। 1/16 में आंध्र प्रदेश के हर्षित के साथ 144-144 की बराबरी के बाद शूट-ऑफ में जीत हासिल की। वहीं 1/8 में महाराष्ट्र के प्रबल राव के खिलाफ 147-148 से बेहद करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि इन सभी खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देवरिया और उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है। कोच एवं प्रबंधन ने खिलाड़ियों की मेहनत और जज्बे की सराहना करते हुए आने वाले मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि क्षेत्र के उभरते तीरंदाजों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और भविष्य में और बेहतर परिणामों की उम्मीद जगाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक