मुरादाबाद की मीनाक्षी, लखनऊ के अजय उपाध्याय और कनाडा के शिखर नेहरू ने दर्ज की जीत
मुरादाबाद, 26 अक्टूबर (हि.स.)। एचएस चड्ढा मेमोरियल एमटी-400 चैंपियंस कप अंतरराष्ट्रीय टेनिस टूर्नामेंट के चौथे दिन सोमवार को महिला 40 वर्ग में मुरादाबाद की मीनाक्षी ने जीत दर्ज की। पुरुष 70 वर्ग में लखनऊ के अजय उपाध्याय और कनाडा के शिखर नेहरू ने अपने-अपने मुकाबले जीते।
पुरुष 60 वर्ग में रवि सिंह साही और दिल्ली के आदित्य खन्ना ने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर जीत दर्ज की। पुरुष 70 वर्ग में अजय उपाध्याय ने राजेंद्र यादव को 6-0, 6-0 से हराया। अजय ने अक्षय अहूजा को भी 6-3, 6-4 से शिकस्त दी। कनाडा के शिखर नेहरू ने अंकित को 6-3, 7-5 से पराजित किया। पुरुष 60 वर्ग में रवि सिंह साही ने परमेश्वर नाथ त्रिपाठी को 6-0, 6-0 से हराया, जबकि दिल्ली के आदित्य खन्ना ने अभिषेक कुमार को 6-0, 6-0 से शिकस्त दी। कांठ रोड स्थित ब्रास सिटी जिमखाना में विश्व टेनिस संघ के तत्वावधान में चड्ढा ग्रुप की ओर से सरदार गुरजीत सिंह चड्ढा के नेतृत्व में टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है।
सोमवार को उत्तर प्रदेश टेनिस संघ के सचिव पुनीत अग्रवाल और गुरजीत सिंह चड्ढा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता 28 अक्टूबर तक चलेगी। इस दौरान विशिष्ट अतिथि अमित, पीयूष, रोकश कोहली, करनवीर सिंह, नरेंद्र सिंह चड्ढा, मुरादाबाद टेनिस संघ के सचिव अवनीश रस्तोगी, राजी जैन, बंटी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल