श्रीलंका की वनडे टीम में लाहिरू उदारा को मौका, पथुम निसांका बाहर

 




कोलंबो, 15 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका मेडिकल क्लीयरेंस नहीं मिलने के कारण पाकिस्तान में होने वाली त्रिकोणीय वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने गुरुवार को इसकी पुष्टि करते हुए उनकी जगह लाहिरू उदारा को टीम में शामिल किया है।

निसांका इंग्लैंड दौरे के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट का शिकार हो गए थे। इसी वजह से वह पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भी नहीं खेल सके थे। चार अक्टूबर को घोषित वनडे टीम में उन्हें इस शर्त पर शामिल किया गया था कि मेडिकल जांच में फिट घोषित होने के बाद ही वह टीम के साथ यात्रा करेंगे। हालांकि, उन्हें अब तक वापसी के लिए चिकित्सकीय मंजूरी नहीं मिली है।

उदारा ने अभी तक श्रीलंका के लिए वनडे क्रिकेट में पदार्पण नहीं किया है। वह देश के लिए पांच टेस्ट और सात टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। उन्होंने सितंबर में इंग्लैंड और इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान के खिलाफ तीन-तीन मैचों की टी-20 सीरीज में हिस्सा लिया था।

पाकिस्तान के खिलाफ पहली टी-20 अंतरराष्ट्रीय भिड़ंत में उदारा ने 91 रन की शानदार पारी खेली थी। यह इस प्रारूप में उनका पहला अर्धशतक से बड़ा स्कोर था। इससे पहले वह टेस्ट क्रिकेट में भी अपनी बल्लेबाजी का दम दिखा चुके हैं। उन्होंने जुलाई में वेस्टइंडीज के खिलाफ 188 रन की पारी खेलकर टेस्ट में अपना पहला शतक लगाया था।

निसांका को पाकिस्तान के खिलाफ नौ नवंबर से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए श्रीलंका की 15 सदस्यीय टीम में भी जगह मिली है। हालांकि, इस सीरीज में उनकी भागीदारी भी फिटनेस पर निर्भर करेगी।

पाकिस्तान, श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच त्रिकोणीय वनडे सीरीज 18 अक्टूबर से शुरू होगी। सीरीज का फाइनल मुकाबला 31 अक्टूबर को खेला जाएगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय