खेलो इंडिया अस्मिता तैराकी लीग: पहले दिन 200 महिला तैराकों की भागीदारी, 20 इवेंट सफलतापूर्वक संपन्न

 


गुवाहाटी, 21 मार्च (हिस)। खेलो इंडिया के तहत आयोजित अस्मिता तैराकी लीग (पूर्वोत्तर क्षेत्र) के पहले दिन लगभग 200 महिला तैराकों ने भाग लिया। सरुसजाई स्थित डॉ. जाकिर हुसैन एक्वेटिक कॉम्प्लेक्स में प्रतियोगिता अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में आयोजित की गई। कुल 40 इवेंटों में से पहले दिन 20 इवेंट सफलतापूर्वक संपन्न किए गए।

असम तैराकी संघ के प्रचार सचिव मुकुटेश्वर गोस्वामी के अनुसार, पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के अलावा बिहार, उड़ीसा, झारखंड और पश्चिम बंगाल की टीमों ने भी इस प्रतियोगिता में भाग लेकर उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा प्रस्तुत की।

प्रत्येक इवेंट से शीर्ष चार तैराकों को आगामी अहमदाबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की अस्मिता तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

इससे पहले प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष तथा असम तैराकी संघ के महासचिव भास्कर रंजन दास ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेलों में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए अस्मिता लीग एक महत्वपूर्ण पहल है।

पहले दिन की प्रतियोगिताओं का संचालन टूर्नामेंट डायरेक्टर चंदन ज्योति फूकन के मार्गदर्शन में सुचारू रूप से किया गया। विजेता खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र असम तैराकी संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रणव बरठाकुर, कामरूप जिला तैराकी संघ के सचिव नवज्योति गोगोई सहित उपस्थित विशिष्ट अतिथियों द्वारा वितरित किए गए।

यह लीग पूर्वोत्तर क्षेत्र की महिला तैराकों के लिए एक सशक्त मंच के रूप में उभर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश