कपिल देव, श्रीकांत और बाइचुंग भूटिया को ‘लिविंग लेजेंड’ सम्मान
नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। भारतीय खेल जगत की उपलब्धियों और उसके विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 1983 विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कपिल देव, पूर्व क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत और भारतीय फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी बाइचुंग भूटिया को प्रतिष्ठित ‘फिक्की लिविंग लेजेंड अवॉर्ड’ से नवाजा गया। वहीं, राजा रणधीर सिंह और शांता रंगास्वामी को खेलों में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया।
फिक्की फेडरेशन हाउस में आयोजित समारोह में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल महासंघों, राज्यों, खेल फ्रेंचाइजी, कॉरपोरेट संस्थानों और मीडिया सहित 29 श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए। समारोह में भारतीय खेलों की उपलब्धियों के साथ जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने और बेहतर खेल ढांचा विकसित करने में योगदान देने वालों को भी सराहा गया।
महिला पैरा खिलाड़ी शरमिला धनकर को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला पैरा खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में एफ-57 शॉटपुट स्पर्धा में 9.81 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता था। यह भारत का पैरा एथलेटिक्स में पहला राष्ट्रमंडल खेल स्वर्ण था। उभरती महिला खिलाड़ी का पुरस्कार युवा तीरंदाज कुमकुम मोहोड को मिला। उन्होंने शंघाई विश्व कप में टीम स्पर्धा का स्वर्ण जीता और एशियाई खेलों में पदार्पण करते हुए सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का सम्मान भी हासिल किया। मुक्केबाज अंकुश पंघाल को उभरते पुरुष खिलाड़ी तथा पैरा हाई जम्पर वरुण सिंह भाटी को सर्वश्रेष्ठ पुरुष पैरा खिलाड़ी चुना गया।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को पहली बार एकदिवसीय विश्व कप खिताब दिलाने वाले मुख्य कोच अमोल मजूमदार को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खेल प्रशिक्षक घोषित किया गया। महिला वर्ग में नीता दादवे को यह सम्मान मिला। सैंटियागो निवा को सर्वश्रेष्ठ हाई परफॉर्मेंस निदेशक चुना गया, जबकि संदीप द्विवेदी और विमल मोहन को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खेल पत्रकार का पुरस्कार दिया गया।
एशियाई खेलों में भारतीय तीरंदाजों के शानदार प्रदर्शन और नौ पदक जीतने में योगदान के लिए भारतीय तीरंदाजी संघ को सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय खेल महासंघ का पुरस्कार मिला। साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया को देश में पहली यूसीआई 2.2 रोड रेस ‘पुणे ग्रैंड टूर’ आयोजित करने के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, प्रो कबड्डी लीग का खिताब जीतने वाली हरियाणा स्टीलर्स को सर्वश्रेष्ठ खेल फ्रेंचाइजी घोषित किया गया।
राज्यों की श्रेणी में जम्मू-कश्मीर को खेलों को बढ़ावा देने वाला सर्वश्रेष्ठ राज्य चुना गया। लद्दाख को खेल पर्यटन के प्रोत्साहन और तमिलनाडु को खेल प्रशासन एवं नीति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। खेलों के विकास में कॉरपोरेट भागीदारी के लिए एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक और सार्वजनिक क्षेत्र की एनटीपीसी को अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार मिले।
इसके अलावा, अल्ट्राह्यूमन को सर्वश्रेष्ठ स्पोर्ट्स स्टार्टअप, थर्ड-आई टीवी को सर्वश्रेष्ठ स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी कंपनी और फैनकोड को सर्वश्रेष्ठ स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर का पुरस्कार दिया गया। जीएमआर स्पोर्ट्स, अदाणी स्पोर्ट्सलाइन, मिशेजो स्पोर्ट्स इंफ्रा, राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, ड्रिबल अकादमी फाउंडेशन और द दून स्कूल को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय