धर्मशाला में 26 मई को आईपीएल का नॉकआउट मुकाबला, क्वालीफायर-1 के लिए पहुंची आरसीबी
धर्मशाला, 24 मई (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सबसे बड़े नॉकआउट मुकाबले यानी क्वालीफायर-एक के लिए दूसरी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) भी रविवार को धर्मशाला पंहुच गई। यह दोनों टीमें आगामी 26 मई को विश्व के खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियमों में से एक एचपीसीए के धर्मशाला स्टेडियम क्वालीफ़ायर-एक का मुकाबला खेलेंगी। धर्मशाला में होने वाले इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम सीधा फाइनल में प्रवेश करेगी जोकि 31 मई को गुजरात के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम अहमदाबाद में खेला जाना है।
धर्मशाला में होने वाला यह मुकाबला ब्लॉकबस्टर होने वाला है। इस महामुकाबले की मेजबानी के लिए स्टेडियम पूरी तरह तैयार है और क्रिकेट प्रेमियों में इसे लेकर जबरदस्त रोमांच देखा जा रहा है।
धर्मशाला में 26 मई को खेले जाने वाले इस मैच से पहले ही आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का क्रेज सातवें आसमान पर है। हाल ही 17 मई को भी आरसीबी की टीम लीग मुकाबले के लिए पंजाब किंग्स इलेवन के दूसरे घर धर्मशाला में थी जहां उसने मेजबान पंजाब को हराया था। उस मैच में भी कोहली के लिए बड़ी संख्या में देश भर से प्रशंसक धर्मशाला पंहुचे थे। ऐसे में एक बार फिर कोहली और उनकी टीम धर्मशाला की वादियों में पंहुचने वाली है जिससे एक बार फिर धर्मशाला पूरी तरह पैक हो रहा है। विराट कोहली की फैन फोलोविंग इतनी जबरदस्त है कि विराट को लाइव खेलते देखने के लिए हिमाचल के अलावा पंजाब, हरियाणा और दिल्ली जैसे पड़ोसी राज्यों से भी फैंस भारी संख्या में धर्मशाला पहुंच रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया