ई-टिकट एंट्री ने बढ़ाई दर्शकों की दिक्कतें, गेट के बाहर लगी रही लंबी लाइनें
धर्मशाला, 11 मई (हि.स.)। एचपीसीए के धर्मशाला स्टेडियम में पंजाब किंग्स व दिल्ली केपिटल्स के मैच में ई-टिकट से एंट्री को लेकर दर्शकों को खूब परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इस सिस्टम से दर्शकों की लाइनों में लंबी-लंबी कतारें लगने के बाद हुजूम हर गेट की ओर दौड़ पड़ा। इसके बाद गेट नंबर दो में डाइट गेट से लेकर बीएड कॉलेज गेट तक कतारें लग गई। हालांकि इस बार महिलाओं व बच्चों के लिए अलग लाइन लगाकर प्रवेश करवाया गया। जबकि अधिकतर युवाओं व परिवार के साथ आए लोग टिकट एक फोन में होने पर साथ ही जाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। जिससे कतारों की बजाय गेट में जैम पैक वाली स्थिति बन गई। पुलिस बल व निजी सिक्योरिटी को व्यवस्था बनाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
धर्मशाला स्टेडियम में दूसरी बार प्रवेश के लिए ई-टिकट से क्यूआर स्कैन कर एंट्री प्रदान की गई। इस दौरान दर्शकों के लिए गेट खुलने पर प्रवेश में देरी मिलने पर खूब परेशान होना पड़ा। स्टेडियम में प्रवेश को लेकर दो नंबर गेट में बीएड कालेज धर्मशाला तक कतारें पहुंच गई। इस बीच कुछ लोग कतारें तोड़कर स्टेडियम की तरफ बढ़ते रहे। इसके चलते गेट के पास सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्रित हो गए और स्थिति अत्याधिक भीड़ होने से तनावपूर्ण बन गई। इस दौरान पुलिस व्यवस्था बनाते हुए दर्शकों को लाइन में खड़ा होकर अपनी बारी का इंतजार करने के लिए कहती हुई नजर आई। बावजूद इसके दर्शक काफी इन्तजार के बाद जल्द प्रवेश करने पर अड़े रहे।
दर्शकों को साढ़े सात बजे तक नहीं मिल पाई एंट्री
स्टेडियम के दिन में चार बजे गेट खुलने के बावजूद दर्शकों को साढ़े सात बजे तक एंट्री नहीं मिल पाई, इससे दर्शक भी काफी अधिक मायूस हुए। वहीं, पांच बजे के करीब सभी गेट के पास माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा। हालांकि इस बार युवक-युवतियों की अलग लाईन व प्रवेश के स्थान में व्यवस्था दरुस्त रही। पुलिस बल व निजी सिक्योरिटी तैनात कर लाईनों को व्यवस्थित किए जाने के प्रयास किए गए। बावजूद इसके मैच शुरू होने के आधे से पौने घंटे तक दर्शकों को कतारों में लगकर इंतजार करना पड़ा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया