आईपीएल : धर्मशाला को मिली क्वालीफ़ायर एक मुकाबले की मेजबानी, जीत हासिल करने वाली टीम पंहुचेंगी सीधा फाइनल में

 


धर्मशाला, 06 मई (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 प्लेऑफ का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। घोषित कार्यक्रम के मुताबिक हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) के धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में तीन लीग मैचों के अलावा अब सबसे बड़ा क्वालीफ़ायर एक मैच 26 मई को खेला जाएगा। आईपीएल सीजन 2026 के इस मैच में प्रतियोगिता की दो शीर्ष की टीमें खेलेंगी। यही नही यहां से जीत हासिल करने वाली टीम सीधे फाइनल में जगह बनाएगी जोकि 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। ऐसे में धर्मशाला के लिए यह एक बड़ा मौका होगा जहां क्वालीफ़ायर एक का मैच खेला जाएगा।

गौरतलब है कि प्रतियोगिता में 70 हाई-इंटेंसिटी लीग मैचों के बाद टूर्नामेंट अब अपने निर्णायक चरण में प्रवेश कर रहा है। क्वालीफायर 1, जिसमें शीर्ष दो टीमें भाग लेंगी, 26 मई को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें जितने वाली टीम सीधा फाइनल में प्रवेश करेगी। इसके बाद मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा, जहां 27 मई को तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा। इसी मैदान पर 29 मई को क्वालीफायर 2 भी खेला जाएगा, जहां क्वालीफायर 1 में हारने वाली टीम एलिमिनेटर के विजेता से भिड़ेगी और दूसरे फाइनलिस्ट का फैसला होगा।

सीजन का समापन 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ग्रैंड फाइनल के साथ होगा, जो दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है और एक शानदार फाइनल का मंच तैयार करेगा।

गौरतलब है कि इससे पूर्व धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में 11 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स, 14 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस और 17 मई को पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। पहले दो मैच शाम साढ़े सात बजे से खेले जाएंगे जबकि तीसरा मैच दोपहर साढ़े तीन बजे से खेला जाएगा। अब ऐसे में क्वालीफ़ायर एक मैच क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ा रोमांच लाने वाला है।

उधर एचपीसीए के प्रेस सचिव मोहित सूद ने कहा कि धर्मशाला को आईपीएल प्रतियोगिता का क्वालीफायर वन मैच मिलना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस मैच के यहां होने से क्रिकेट प्रेमियों के लिए जहां रोमांच लाएगा वही पर्यटन से जुड़े कारोबारियों के लिए भी यह एक बड़ा अवसर रहेगा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला कैच पीसी स्टेडियम दुनिया के सबसे खूबसूरत स्टेडियम में से एक है ऐसे में इस मैच के यहां होने से क्रिकेट का रोमांच और भी ज्यादा बड़ा होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया