धर्मशाला में दिल्ली कैपिटल्स के लिए जीत दर्ज करना होगा अहम, पंजाब भी प्लेऑफ में बने रहने के लिए लड़ेगी लड़ाई

 




धर्मशाला, 09 मई (हि.स.)।

धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम की खूबसूरत वादियों में 11 मई को पंजाब किंग्स इलेवन और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाला यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए प्लेऑफ की दौड़ के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

पंजाब किंग्स इलेवन की टीम फिलहाल 10 मैचों में 6 जीत के साथ दूसरे स्थान पर है और प्लेऑफ के काफी करीब है। वहीं, दिल्ली 11 मैचों में केवल 4 जीत के साथ आठवें स्थान पर संघर्ष कर रही है और उसके लिए अब हर मैच 'करो या मरो' जैसा है। वहीं अगर धर्मशाला की पिच की बात करें तो आमतौर पर तेजगेंदबाजों को मदद देती है, खासकर मैच की शुरुआत में। हालांकि, ऊँचाई और तेज आउटफील्ड के कारण यहां बड़े स्कोर भी बनते हैं। शाम के समय ओसएक बड़ा फैक्टर हो सकती है, जिससे टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।

आईपीएल में दिल्ली पर भारी रहा है पंजाब

आईपीएल मुकाबलों की बात करें तो अब तक दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 35 मैचों में पंजाब किंग्स ने 19 और दिल्ली कैपिटल्स ने 16 मैच जीते हैं। इस सीजन की पिछली भिड़ंत में भी पंजाब ने दिल्ली को 6 विकेट से हराया था। हालांकि धर्मशाला में यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए काफी अहम रहने वाला है। दोनों ही टीमें अपने पिछले मैच हारकर धर्मशाला पंहुची हैं। दिल्ली को बीते दिन शुक्रवार को हुए मुकाबले में उनके ही घर पर कोलकाता नाईट राइडर की टीम ने आठ विकेट से बड़ी मात दी है। ऐसे में अब उनका आत्मविश्वास जरूरी डगमगाया है। हालांकि पंजाब की भी हालत कुछ ऐसी ही है। टूर्नामेंट के शुरुआत में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले छह मैच जीतने वाली पंजाब की टीम पिछले लगातार तीन मैच हार चुकी है। ऐसे में वह भी धर्मशाला के इस मुकाबले में अपनी जीत का सिलसिला दोबारा शुरू करना चाहेगी। पंजाब यहां तीन मुकाबले खेलने वाली है और वह चाहेगी की सभी मैच जीतकर घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाया जाए।

पॉइंट टेबल में पंजाब दूसरे और दिल्ली आठवें स्थान पर

वहीं अगर बात पॉइंट टेबल की करें तो पंजाब की स्थिति काफी बेहतर है। पंजाब की टीम पॉइंट टेबल में अभी तक दूसरे स्थान पर बनी हुई है जबकि दिल्ली की स्थिति काफी खराब है। लगातार मैच हारने के चलते वह आठवें स्थान पर लुढ़क गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया