भारत-अफगानिस्तान वनडे : धर्मशाला पंहुची दोनों टीमें

 




धर्मशाला, 11 जून (हि.स.)। आईपीएल के कुछ दिनों बाद ही धर्मशाला में एक बार फिर क्रिकेट का रोमांच लौट आया है। इस बार टीम इंडिया और अफगानिस्तान के बीच एकदिवसीय मैच का रोमांच क्रिकेट प्रेमियों को देखने को मिलेगा। टीम इंडिया और अफगानिस्तान के बीच खेली जाने वाली तीन एकदिवसीय मैचों की सीरिज के 13 जून को पहले मैच का गवाह एचपीसीए का धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम बनने जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को दोनों टीमें धर्मशाला की वादियों में पंहुच गई हैं। वीरवार को दिन में पहले भारतीय टीम धर्मशाला पंहुची जिसके बाद मेहमान टीम अफगानिस्तान भी धर्मशाला पंहुची। दोनों टीमों के खिलाड़ियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गगल एयरपोर्ट से धर्मशाला स्थित होटल ब्लू रिजेंसी पंहुचाया गया।

इससे पूर्व कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट और होटल पहुंचने पर दोनों टीमों का पहाड़ी संस्कृति में स्वागत किया गया। वहीं एयरपोर्ट पर टीम इंडिया के खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। फैंस ने 'इंडिया-इंडिया' के नारे लगाकर खिलाड़ियों का स्वागत किया। कड़े सुरक्षा घेरे के बीच खिलाड़ियों को उनके होटल पहुंचाया गया।

शुक्रवार को स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस करेगी दोनों टीमें

13 जून को होने वाले इस मैच से पहले दोनों ही टीमें कल शुक्रवार को स्टेडियम पंहुचकर नेट में अभ्यास करेंगी। तय कार्यक्रम के मुताबिक मेहमान टीम अफगानिस्तान शुक्रवार को दिन में डेढ़ बजे से साढ़े चार बजे तक नेट पर पसीना बहाएगी जबकि दूसरे सेशन में शाम को साढ़े पांच बजे से साढ़े आठ बजे तक टीम इंडिया स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस करेगी। गौरतलब है कि धर्मशाला की पिच आमतौर पर तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, जिस पर दोनों टीमें अपनी रणनीति तैयार करेंगी।

बारिश की ठंडी फुहारों ने किया मेहमान टीम का स्वागत

दोपहर बाद गगल एयरपोर्ट पंहुची अफगानिस्तान की टीम का बारिश की ठंडी फुहारों ने स्वागत किया। मेहमान टीम जैसे ही एयरपोर्ट पर उतरी तो मौसम ने अचानक रंग बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश की बौछार पड़ने लगी। मोहाली के गर्म मौसम का सामना करने के बाद यहां पंहुची दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने इस सुहावने मौसम का खूब आनंद उठाया।

मैच के दिन मौसम साफ रहने का अनुमान

उधर मौसम विभाग ने मैच के दिन मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है, जिससे पूरे 100 ओवर का खेल होने की उम्मीद है। वहीं अगर पिच की बात करें तो शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिलने की संभावना है, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान हो सकता है।

पुलिस ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मैच को देखते हुए जिला प्रशासन और कांगड़ा पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। स्टेडियम के चारों ओर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दर्शकों की भारी भीड़ के मद्देनजर धर्मशाला और मैकलोडगंज के लिए ट्रैफिक रूट में भी बदलाव किया गया है, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके। वहीं, स्थानीय होटलों और होमस्टे में भी 90 प्रतिशत से ज्यादा बुकिंग हो चुकी है, जिससे स्थानीय पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं। इससे पूर्व धर्मशाला में आईपीएल सीजन के हुए चार मैचों के दौरान भी होटल और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों ने अच्छी कमाई की थी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया