बीड़ बिलिंग में एशिया माउंटेन साइकिलिंग सीरीज का समापन, खेल मंत्री ने नवाजे विजेता
धर्मशाला, 28 फ़रवरी (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग एवं साहसिक खेल स्थल बीड़ बिलिंग में आयोजित तीन दिवसीय एशिया माउंटेन साइकिलिंग सीरीज का शनिवार को समापन हो गया। समापन समारोह में आयुष, कानून, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की जबकि बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
डाउनहिल वीमेन और मेन प्रतियोगिता में इंडोनेशिया विजेता
प्रतियोगिता के तीसरे और अंतिम दिन दो प्रकार की प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गयी। डाउनहिल वूमेन केटेगरी में इंडोनेशिया की मारिन अस्तरिन्दों टीम ने एक मिनट 43 सेकंड का समय लेकर पहला और इंडोनेशिया की ही आनंद विद्या रेसिंग टीम ने एक मिनट 44 सेकंड का समय लेकर दूसरा स्थान और भारत की हररोड रेसिंग ने दो मिनट 44 सेकंड लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इसी तरह डाउन हिल मेन केटेगरी में इंडोनेशिया केअप्रैल लेनोवो ने एक मिनट 31 सेकंड का समय लेकर पहला, भारत के जवारवन ने एक मिनट 35 सेकंड लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया और भारत के ही प्रशांत ने एक मिनट 36 सेकंड लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्साह, खेल भावना और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि बीड़ बिलिंग जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विख्यात स्थल पर एशिया माउंटेन साइकिलिंग सीरीज का सफल आयोजन देश एवं प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि बीड़ बिलिंग में आयोजित यह प्रतियोगिता भारत में पहली बार संपन्न हुई है, जिसमें देश-विदेश से आए विभिन्न खिलाड़ियों ने भाग लेकर आयोजन की गरिमा को बढ़ाया।
मुख्य अतिथि यादविंदर गोमा ने बीड़ बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन तथा यूनियन साइकिलिंग इंटरनेशनल (यूसीआई) को प्रोत्साहन स्वरूप 50-50 हजार रुपये की अनुदान राशि प्रदान करने की घोषणा भी की।
विशेष अतिथि विधायक किशोरी लाल ने अपने संबोधन में कहा कि बीड़ बिलिंग की भौगोलिक बनावट और प्राकृतिक परिवेश इसे विश्वस्तरीय एडवेंचर स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने की अपार संभावनाएं रखते हैं। उन्होंने कहा कि एशिया माउंटेन साइकिलिंग सीरीज जैसे प्रतिष्ठित आयोजन से क्षेत्र की अंतरराष्ट्रीय पहचान और अधिक सुदृढ़ हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया