हिमाचल की बेटी पुष्पा की कप्तानी में महिला कबड्डी के फाइनल में भारत, अब ईरान से स्वर्ण की जंग

 




धर्मशाला, 25 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल की बेटी पुष्पा राणा की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक की ओर एक और कदम बढ़ा दिया है। जापान के अयाची-नगोया में शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अब शनिवार को स्वर्ण पदक के लिए भारत का सामना ईरान से होगा। ईरान ने दूसरे सेमीफाइनल में चीनी ताइपे को 23-19 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया।

टोकाई सिटीजन्स जिम्नेजियम में खेले गए सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। भारत ने पहले हाफ में 31-17 की बढ़त हासिल की। दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने नेपाल को वापसी का मौका नहीं दिया और 48-24 के अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत की ओर से मैच में कुल 35 आउट अंक जुटाए गए, जबकि नेपाल 18 आउट अंक ही हासिल कर सका। भारतीय टीम ने मुकाबले में तीन बार नेपाल को ऑलआउट किया। इससे पहले भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में भी अजेय रहते हुए तीनों मुकाबले जीते थे।

भारत ने अपने पहले मैच में बांग्लादेश को 42-21, दूसरे मुकाबले में ईरान को 37-23 और अंतिम ग्रुप मैच में मेजबान जापान को 50-25 से हराया था। यानी फाइनल से पहले भारतीय टीम ने चार मुकाबलों में लगातार चार जीत दर्ज की हैं। इन चार मैचों में भारत ने कुल 177 अंक बनाए, जबकि विपक्षी टीमें 93 अंक ही जुटा सकीं। अब फाइनल में भारत के सामने ईरान की चुनौती होगी।

खास बात यह है कि ग्रुप चरण में भारत पहले ही ईरान को 37-23 से हरा चुका है, लेकिन स्वर्ण पदक का मुकाबला नई परिस्थितियों में होगा। भारत 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स का महिला कबड्डी स्वर्ण पदक विजेता है और इस बार खिताब बचाने के लिए उतरा है।

हिमाचल की चार बेटियों पर रहेगी नजर

भारतीय टीम में हिमाचल की चार बेटियां शामिल हैं। इनमें कप्तान पुष्पा राणा के अलावा रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर हैं। पुष्पा, ज्योति और भावना धर्मशाला स्थित साई के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण लेती हैं। अब फाइनल में हिमाचल की इन बेटियों के प्रदर्शन पर प्रदेशभर की निगाहें रहेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया