बीड़-बिलिंग में एशियन माउंटेन साइक्लिंग प्रतियोगिता शुरू, पहले दिन भारतीय साइक्लिस्ट का रहा दबदबा

 


धर्मशाला, 26 फ़रवरी (हि.स.)। पैराग्लाइडिंग के विश्व विख्यात कांगड़ा जिला की बीड़-बिलिंग में वीरवार को साइकिलिंग का रोमांच शुरू हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का वीरवार को शुभारंभ हुआ। एशियन माउंटेन साइक्लिंग सीरीज इंडिया प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न वर्गों की प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसी कड़ी में 7 किलोमीटर की लंबी दौड़ में भारत के नोरबू टी शिवांग 32 मिनट सात सेकंड लेकर पहले स्थान पर रहे जबकि इंडोनेशिया के फनानी जेनियल 32 मिनट 47 सेकंड लेकर दूसरे स्थान पर और भारत के ही घारती खुशिमान 33 मिनट और 5 सेकंड लेकर तीसरे स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता के निदेशक नमन विज ने बताया कि 15 किलोमीटर की प्रतियोगिता में मलेशिया के नूर हामी अमर दानिश एक घंटा दो मिनट और 33 सेकंड लेकर पहले स्थान पर, भारत के संतोष प्रणेश एक घंटा 5 मिनट लेकर दूसरे स्थान पर और भारत के ही रुथान अश्विन एक घंटा 6 मिनट और 33 सेकंड लेकर तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता की तीसरी कैटेगरी में नोरबू टी सेवांग पहले स्थान पर घारती खुशिमान दूसरे स्थान पर और यूदोयोनो फेरी इंडोनेशिया के तीसरे स्थान पर रहे।

वहीं जूनियर वर्ग में मलेशिया के नूर हेमी अमर दानिश और फिलिपींस के थर्टी मन आई 10 अंक लेकर पहले स्थान पर, संतोष प्रणेश भारत और आचमत ढाणी नौ अंक लेकर दूसरे स्थान पर और भारत के ही रूठना अश्विन 8 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहे।

उधर इससे पूर्व बीड़-बिलिंग में एशियन माउंटेन साइक्लिंग सीरीज इंडिया प्रतियोगिता का शुभारंभ वीरवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष और बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि यूसीआई के सहयोग से आयोजित हो रही एशियन माउंटेन साइक्लिंग सीरीज इंडिया प्रतियोगिता बीड़-बिलिंग जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर इस प्रकार की अंतरराष्ट्रीय स्तर की साहसिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रदेश सरकार की खेल एवं पर्यटन को बढ़ावा देने की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिल रही है, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

अनुराग शर्मा ने कहा कि इस साइक्लिंग प्रतियोगिता से न केवल स्थानीय युवाओं को प्रेरणा और प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

अनुराग शर्मा ने कहा कि यह प्रतियोगिता पहली बार जिला कांगड़ा के बीड़ में आयोजित हो रही है। जिसमें आठ देशों के 117 प्रतिभागी हिस्सा लें रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया