भारतीय टीम बड़ी चुनौती, लेकिन जीत के इरादे से उतरेगा अफगानिस्तान : अशमतुल्लाह शहीदी

 




धर्मशाला, 12 जून (हि.स.)। धर्मशाला स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले से पहले अफगानिस्तान के कप्तान अशमतुल्लाह शहीदी ने भारतीय टीम को दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक बताते हुए कहा कि वर्ल्ड कप-2027 अभियान की शुरुआत भारत के खिलाफ होना उनकी टीम के लिए बड़ी चुनौती के साथ-साथ सीखने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि इस मुकाबले से टीम को अपनी ताकत और कमजोरियों का आकलन करने में मदद मिलेगी।

धर्मशाला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शहीदी ने कहा कि उन्होंने 2023 विश्व कप के दौरान इसी मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबला खेला था। भारत की परिस्थितियां आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों के अनुकूल रहती हैं, इसलिए उनकी टीम के स्पिनरों को यहां अच्छी मदद मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम बेहद मजबूत और संतुलित है।

अफगान कप्तान ने कहा कि उनकी टीम का पूरा फोकस गुणवत्तापूर्ण क्रिकेट खेलने पर है। भारत जैसी मजबूत टीम को चुनौती देने के लिए खिलाड़ी पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेंगे और दर्शकों को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी टीम जीत के इरादे और आत्मविश्वास के साथ खेलेगी।

भारतीय टीम के बारे में पूछे गए सवाल पर शहीदी ने कहा कि भारत का हर खिलाड़ी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखता है। ऐसे में उनकी टीम इस चुनौती को स्वीकार करते हुए जीत के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।

धर्मशाला से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए अफगान कप्तान ने कहा कि भारत उनके लिए दूसरे घर जैसा है। खासतौर पर धर्मशाला की भौगोलिक और मौसम संबंधी परिस्थितियां काफी हद तक अफगानिस्तान से मिलती-जुलती हैं। यही वजह है कि यहां खेलते समय उन्हें घरेलू माहौल जैसा अनुभव होता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया