अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता में राजस्थान और यूपी पुलिस का शानदार प्रदर्शन
रांची, 25 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड पुलिस की ओर से रांची के खेलगांव में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 के व्यक्तिगत एलिमिनेशन राउंड में रविवार को छह वर्गों के पदक विजेताओं की घोषणा की गई। रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड के पुरुष एवं महिला वर्गों में विभिन्न पुलिस बलों के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।
रिकर्व महिला वर्ग में राजस्थान पुलिस की अमनदीप कौर ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उत्तर प्रदेश पुलिस की सुमन चौधरी ने रजत, जबकि आईटीबीपी की सोनाली बसुमतारी ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, रिकर्व पुरुष वर्ग में असम राइफल्स के अकोइजाम अमरजीत ने स्वर्ण पदक जीता। सीआईएसएफ के दिव्यांश चौधरी को रजत और आईटीबीपी के नीरज को कांस्य पदक मिला।
कंपाउंड महिला वर्ग में असम राइफल्स की समैना बसुमतारी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सीआईएसएफ की आकांक्षा ने रजत और बीएसएफ की मैनाव नारजरी ने कांस्य पदक जीता। इसी स्पर्धा के पुरुष वर्ग में राजस्थान पुलिस के रजत चौहान ने स्वर्ण पदक हासिल किया। उत्तर प्रदेश पुलिस के हर्ष बालियान ने रजत, जबकि सीआरपीएफ के भगवान दास ने कांस्य पदक जीता।
इंडियन राउंड महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस की नमिता वर्मा ने स्वर्ण पदक जीतकर बाजी मारी। एसएसबी की पुष्पा ने रजत और उत्तर प्रदेश पुलिस की दीपिका पांडेय ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, इंडियन राउंड पुरुष वर्ग में आईटीबीपी के गौरव संजय राव चांदने ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। बीएसएफ के सुनील कुमार को रजत और उत्तर प्रदेश पुलिस के सौरभ मौर्य को कांस्य पदक मिला।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे