सुनील नरेन आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बने
हैदराबाद, 03 मई (हि.स.)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केेकेआर) के स्टार स्पिनर सुनील नरेन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 200 विकेट लेने वाले तीसरे एवं पहले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ मैच में हासिल की।
हैदराबाद के खिलाफ इस मैच में 37 वर्षीय सुनील नरेन ने चार ओवर के अपने स्पेल में 31 रन देकर 2 विकेट चटकाए। उन्होंने एसआरएच के बल्लेबाज ईशान किशन और साहिल अरोड़ा को आउट किया। साहिल का विकेट उनके लिए यादगार रहा। इसी विकेट के साथ नरेन ने आईपीएल में अपने 200 विकेट पूरे किए।
इस स्टार स्पिनर के 197 आईपीएल मैचों में अब 201 विकेट हो गए हैं। वह आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले स्पिनर युजवेंद्र चहल (228) और तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (215) यह मुकाम हासिल कर चुके हैं। वहीं विदेशी खिलाड़ी के रूप में 200 विकेट लेने वाले वह पहले गेंदबाज हैं।
नरेन ने ये सभी 201 विकेट सिर्फ कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए ही हासिल किए हैं। वह साल 2012 में केकेआर से जुड़े थे और तब से वह लगातार केकेआर टीम का हिस्सा हैं। इस सीजन आईपीएल में अबतक खेले 8 मैचों वह 23.44 की औसत और 6.80 की इकोनॉमी से 9 विकेट चटका चुके हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आज के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 165 रन पर ऑलआउट हो गई। नरेन के अलावा वरुण चक्रवर्ती ने 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि कार्तिक त्यागी 2 विकेट, वैभव अरोरा, कैमरन ग्रीन और अनुकूल रॉय ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह