अंपायर से उलझने पर डीसी के बल्लेबाज नीतीश राणा पर लगा जुर्माना

 


नई दिल्ली, 12 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज नीतीश राणा को अंपायर के साथ उलझने के चलते दंडित किया गया है। उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है।

ये घटना चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ मैच के 19वें ओवर के दौरान हुई, जब डीसी के खिलाड़ी ट्रिस्टन स्टब्स को ओवर के बीच ग्लव्स बदलने की अनुमति नहीं दी गई थी। इसी ओवर में स्टब्स अपना विकेट भी गंवा बैठे। इससे नाराज नीतीश को चौथे अंपायर के साथ बहस करते देखा गया। राणा पहले तीन मैचों में 15, 0 और 5 रन बनाने के बाद सीएसके के खिलाफ प्लेइंग-11 से बाहर थे। वह टीम के डगआउट में मौजूद थे। 19वें ओवर की शुरुआत में डीसी को दो ओवरों में 32 रनों की जरूरत थी और स्टब्स ही उनकी एकमात्र उम्मीद थे, जो 36 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाकर खेल रहे थे। उनका विकेट गिरने बाद डीसी को 23 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बयान के अनुसार नीतीश राणा पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उन्हें आईपीएल के खिलाड़ियों के लिए बनी आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया गया है। राणा को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो मैच के दौरान जोर से अपशब्दों का इस्तेमाल करने से संबंधित है। राणा ने अपनी गलती मान ली और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को स्वीकार कर लिया।

मैच की बात करें तो, एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 18वें मुकाबले में दिल्ली को चेन्नई के खिलाफ 23 रन से हार का सामना करना पड़ा। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने 20 ओवर में दो विकेट पर 212 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए सबसे बड़ी पारी संजू सैमसन ने खेली, जिन्होंने नाबाद 115 रन बनाए। उनके अलावा युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने 59 रन जोड़े, जबकि शिवम दुबे ने तेज नाबाद 20 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

213 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में 189 रन पर सिमट गई। टीम के लिए ट्रिस्टन स्टब्स ने 60 रन, पथुम निसंका ने 41 रन, आशुतोष शर्मा 19 रन, केएल राहुल 18 रन और डेविड मिलर ने 17 रन बनाए। इनके अलावा अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।

दिल्ली कैपिटल्स का अगला मैच 18 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह