आईपीएल 2026 : मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड चेज, लखनऊ को 6 विकेट से हराया

 


मुंबई, 04 मई (हि.स.)। मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग में अपना अब तक का सबसे बड़ा रन चेज करते हुए शानदार जीत दर्ज की। टीम ने सोमवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराते हुए 229 रन का विशाल लक्ष्य 18.4 ओवर में हासिल कर लिया।

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 228 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को आसान बना दिया और लगातार तीन हार के बाद जीत का स्वाद चखा।

मुंबई की जीत की नींव उसके ओपनर्स ने रखी। रोहित शर्मा और रायन रिकेल्टन की जोड़ी ने विस्फोटक शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 65 गेंदों में 143 रन जोड़े। रोहित शर्मा ने 44 गेंदों में 84 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं रिकेल्टन ने 32 गेंदों में 83 रन बनाकर मैच का रुख पूरी तरह मुंबई की ओर मोड़ दिया।

अंत में विल जैक्स ने आवेश खान की गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। यह जीत मुंबई के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाली साबित हुई।

इससे पहले, लखनऊ की ओर से निकोलस पूरन ने शानदार अर्धशतक जमाते हुए 63 रन बनाए। उन्होंने मिचेल मार्श के साथ मिलकर तेज साझेदारी की, जिससे टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। मार्श ने 44 रन का योगदान दिया, जबकि ऐडन मार्करम और हिम्मत सिंह अंत तक नाबाद रहे।

मुंबई की ओर से कॉर्बिन बॉश ने 2 विकेट झटके, जबकि अन्य गेंदबाजों को एक-एक सफलता मिली।

इस मुकाबले में दोनों टीमों की बल्लेबाजी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, लेकिन अंततः मुंबई इंडियंस की दमदार बल्लेबाजी ने उसे ऐतिहासिक जीत दिला दी।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय