आईपीएल 2026 : गुजरात टाइटंस की लगातार चौथी जीत, राजस्थान को 77 रन से हराया
जयपुर, 10 मई (हि.स.)। गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से हराकर आईपीएल 2026 में लगातार चौथी जीत दर्ज की। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 229 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर गेंदबाजों के दम पर राजस्थान को पूरी तरह दबाव में ला दिया।
राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन गुजरात के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 229 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल ने 44 गेंदों पर 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से शानदार अर्धशतक लगाया। वहीं साई सुदर्शन ने 36 गेंदों पर 55 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
राजस्थान की ओर से युवा गेंदबाज बृजेश शर्मा को दो विकेट मिले, लेकिन अन्य गेंदबाज गुजरात के बल्लेबाजों को रोकने में सफल नहीं हो सके।
230 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत खराब रही। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 16.3 ओवर में 152 रन पर ऑलआउट हो गई। राजस्थान का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका। रवींद्र जडेजा ने 38 रन बनाकर टीम की ओर से सबसे ज्यादा योगदान दिया, जबकि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों पर 36 रन की तेज पारी खेली।
गुजरात की जीत में राशिद खान ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 33 रन देकर 4 विकेट झटके और राजस्थान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। जेसन होल्डर ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि कगिसो रबाडा को 2 और मोहम्मद सिराज को एक विकेट मिला।
इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है, जबकि राजस्थान रॉयल्स को लगातार खराब प्रदर्शन से चिंता बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय