मुरादाबाद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो दिवस
मुरादाबाद, 04 सितम्बर (हि.स.)। रामगंगा विहार स्थित आरएसडी एकेडमी में संचालित साईं ताइक्वांडो एकेडमी, मुरादाबाद में शुक्रवार को जिला ताईक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो दिवस बेहद धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया।
इस विशेष अवसर पर एकेडमी के मुख्य कोच शाहवेज़ अली की देखरेख में खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए एक गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आरएसडी एकेडमी के निदेशक डॉ विनोद कुमार उपस्थित रहे। उनके साथ डॉ. जी कुमार, डॉ अजय शर्मा, डॉ गरिमा शर्मा और डॉ गौरव कुमार ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर सभी सम्मानित अतिथियों ने संयुक्त रूप से केक काटा और वहां मौजूद सभी युवा खिलाड़ियों का मुंह मीठा कराया। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल की भावना को आत्मसात करने और ताइक्वांडो के क्षेत्र में देश व जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. विनोद कुमार और अन्य गणमान्य डॉक्टरों ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
एकाडेमी के मुख्य कोच शाहवेज़ अली और प्रबंधकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो के उत्कृष्ट आत्मरक्षा के गुरों का प्रदर्शन भी किया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल