यमुनानगर:अंतर-विभागीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
यमुनानगर, 24 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के खंड व्यासपुर क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय अहड़वाला में शारीरिक शिक्षा विभाग के संयोजन में अंतर-विभागीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सर्वजीत कौर की उपस्थिति में हुआ, जहां उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपप्राचार्य डॉ. रमेश धारीवाल ने भी विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और इसे अनुशासन व टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम बताया। प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद महेश की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। आर्य की टीम उपविजेता रही, जबकि कन्नौज की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
समापन अवसर पर प्राचार्या ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे तथा उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम ने परिसर में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण का संचार किया और विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा के साथ सहयोग की भावना को भी मजबूत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार