भारतीय महिला हॉकी टीम लगातार चौथी बार बनी एशियन चैंपियन, रचा इतिहास
चीन को फाइनल में 3-1 से दी शिकस्त, दीपिका ने दागे दो गोल
भोपाल, 28 नवंबर (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब चौथी बार अपने नाम कर लिया। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के नाथूखेड़ा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 3-1 से पराजित किया। भारत की इस खिताबी जीत में दीपिका ने दो गोल किए, जबकि इशिका ने एक गोल दागा। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम टूर्नामेंट के इतिहास में सर्वाधिक चार बार खिताब जीतने वाली टीम बन गई।
फाइनल मुकाबले में चीन ने पहले गोल कर भारतीय टीम पर दबाव बना दिया था। चीन की चेन युजुन ने 24 मिनट 55 सेकेंड में गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले हाफ तक भारतीय टीम बराबरी का गोल नहीं कर सकी। हालांकि, तीसरे क्वार्टर में भारत ने जोरदार वापसी की।
दीपिका ने 37 मिनट 50 सेकेंड में गोल कर मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। इसके करीब सवा तीन मिनट बाद इशिका ने 41 मिनट 15 सेकेंड में गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। इसके तुरंत बाद 42 मिनट 25 सेकेंड में दीपिका ने अपना दूसरा गोल दागते हुए भारत की बढ़त 3-1 कर दी। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने चीन को वापसी का मौका नहीं दिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार खेल के लिए दीपिका को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
लगातार तीसरी बार चैंपियन बना भारत
इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने लगातार तीसरी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने की उपलब्धि भी हासिल की। भारत ने इससे पहले 2016, 2023 और 2024 में ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। वहीं दक्षिण कोरिया भी तीन बार इस प्रतियोगिता का विजेता रहा है। चौथे खिताब के साथ भारत अब टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बन गया है।
पूरे टूर्नामेंट में नहीं मिली हार
भारतीय टीम का प्रदर्शन प्रतियोगिता में शुरू से ही दमदार रहा। लीग चरण में उसने मलेशिया, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड, चीन और जापान को हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। इसके बाद सेमीफाइनल में मलेशिया को 6-2 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।
सेमीफाइनल में दीपिका ने दो गोल किए थे। मुमताज खान, नवनीत कौर, सुनेलिता टोप्पो और इशिका ने भी एक-एक गोल कर जीत में योगदान दिया था। दूसरी ओर चीन ने जापान को 1-0 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था। खिताबी मुकाबले में भी भारतीय टीम ने अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए बिना कोई मैच गंवाए ट्रॉफी जीत ली।
कप्तान सलीमा ने टीम के विश्वास को बताया जीत की वजह
जीत के बाद भारतीय टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि चीन के शुरुआती गोल के बाद भी खिलाड़ियों ने धैर्य नहीं खोया। पूरी टीम को भरोसा था कि वे मुकाबले में वापसी कर सकती हैं। खिलाड़ियों के बीच एक-दूसरे पर विश्वास का ही नतीजा रहा कि टीम ने लगातार तीन गोल कर मैच अपने पक्ष में कर लिया।
सलीमा ने भारतीय धरती पर खिताब जीतने को पूरे देश के लिए गर्व का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि टीम का प्रदर्शन अच्छा रहा है और आगामी प्रतियोगिताओं में इससे बेहतर करने का प्रयास रहेगा। फिलहाल खिलाड़ी आराम करेंगी और इसके बाद हॉकी इंडिया लीग पर ध्यान देंगी।
खिताबी मुकाबले के लिए उमड़ा दर्शकों का हुजूम
भारत और चीन के बीच फाइनल मुकाबले को लेकर भोपाल में खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बना। स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा। बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर पहुंचे और ढोल-नगाड़ों के साथ भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाया। स्टेडियम में जगह नहीं मिलने पर कई दर्शक बाहर से ही मैच देखते और टीम का हौसला बढ़ाते नजर आए। मुकाबले से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। भारत के गोल करते ही स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर