एशियाई खेलों के लिए भारतीय महिला रग्बी सेवन्स टीम घोषित, शिखा यादव को कप्तानी

 




कोलकाता, 21 सितंबर (हि.स.)। रग्बी इंडिया ने जापान के आइची-नागोया में होने वाले 2026 एशियाई खेलों के लिए भारतीय सीनियर महिला रग्बी सेवन्स टीम की घोषणा कर दी है। 13 सदस्यीय भारतीय टीम महिला रग्बी सेवन्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी, जिसका आयोजन 01 से 03 अक्टूबर तक नागोया में होगा।

भारत को पूल बी में मौजूदा चैंपियन चीन, हांगकांग चीन और मलेशिया के साथ रखा गया है। टीम अपने अभियान की शुरुआत 01 अक्टूबर को हांगकांग चीन के खिलाफ करेगी। उसी दिन शाम को भारत का सामना चीन से होगा, जबकि 02 अक्टूबर को टीम मलेशिया के खिलाफ पूल चरण का अपना अंतिम मुकाबला खेलेगी। नॉकआउट और वर्गीकरण मुकाबले 03 अक्टूबर को खेले जाएंगे।

कप्तान शिखा यादव के अलावा टीम में उपकप्तान डुमुनी मारंडी, अमनदीप कौर, आरती कुमारी, भूमिका शुक्ला, वैष्णवी पाटिल, गुरिया कुमारी, कल्याणी पाटिल, मामा नाइक, निर्मल्या राउत, संध्या राय, संध्यारानी टुडू और उज्ज्वला घुगे शामिल हैं।

महिला रग्बी सेवन्स में भारत ने पहली बार 2010 के ग्वांगझू एशियाई खेलों में हिस्सा लिया था। इसके बाद 2014 और 2018 के संस्करणों से टीम बाहर रही। हांगझोउ 2022 में वापसी करते हुए भारतीय टीम सातवें स्थान पर रही थी। मौजूदा टीम में हांगझोउ खेलों की छह खिलाड़ी शामिल हैं, जिससे टीम को अनुभव और निरंतरता मिलेगी।

मुख्य कोच पॉल डेलपोर्ट ने कहा कि टीम पूरे सत्र से एशियाई खेलों की तैयारी कर रही है और खिलाड़ियों को दबाव में संयम बनाए रखते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया गया है।

रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस ने भी टीम की निरंतरता और नियमित अंतरराष्ट्रीय अनुभव को महत्वपूर्ण बताया।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय