भारतीय ए टीम ने जीता महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स-2026 का खिताब

 


नई दिल्ली, 22 फरवरी (हि.स.)। भारतीय-ए महिला क्रिकेट टीम ने एसीसी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का खिताब जीत लिया है। बैंकॉक के तेर्दथाई क्रिकेट ग्राउंड में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ए ने बांग्लादेश-ए को 46 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया।

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय ए महिला टीम ने 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 19.1 ओवर में 88 रन पर ऑलआउट हो गई।

खिताबी मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय ए महिला टीम ने धीमी शुरुआत की। टीम ने पांच ओवर में 30 रन जोड़े। छठे ओवर में टीम का पहला विकेट गिरा। वृंदा दिनेश 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गई हैं। इसके अगले ओवर में भारतीय टीम की 2 बल्लेबाज आउट हो गईं। ओवर की पहली गेंद पर नंदिनी कश्यप रन आउट हो गईं। दूसरी गेंद पर मिन्नू मणि बिना खाता खोले आउट हो गईं। नंदनी ने 8 रन बनाए। 44 रन के स्कोर पर अनुष्का शर्मा भी 8 रन की पारी खेलकर आउट हुईं।

भारतीय टॉप आर्डर लड़खड़ाने के बाद तेजल हसबनीस और कप्तान राधा यादव ने पारी को संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने धैर्य दिखाते हुए शानदारी बल्लेबाजी की और टीम के स्कोर को 100 रन के पार ले गए। हालांकि राधा यादव बड़ा शॉट खेलने के दौरान कैच आउट हो गईं। कप्तान ने 30 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 36 रन की पारी खेली। तेजल ने अर्धशतक जड़ते हुए टीम के स्कोर को सात विकेट पर 134 रन तक पहुंचाया। वह 34 गेंदों 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 51 रन बनाकर नाबाद रहीं। तनुजा कंवर ने एक रन और प्रेमा रावत ने चार रन का योगदान दिया।

बांग्लादेश ए की तरफ से फाहिमा खातून ने सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए। फातिमा जहान और फरजाना इस्मिन ने एक-एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश-ए महिला टीम को 13 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। इश्मा तंजीम तीन रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद शमीमा सुल्ताना और सरमिन सुल्ताना ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन सातवें ओवर में शमीमा भी आउट होकर पवेलियन चलते बनीं। शमीमा ने 16 गेंदों में 20 रन बनाए। सरमिन 18 रन बनाकर आउट हुईं।

इसके बाद बंगलादेश के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। लता मंडल 01 रन, सादिया अख्तर 10 रन, कप्तान फाहिमा खातून 14 रन, फरजाना इस्मिन 06 रन, संजीदा अख्तर मेघला 05 रन और फातिमा जहान सोनिया एक बन बनाकर आउट हुईं। मुकाबले के अंतिम ओवर की पहली गेंद पर शोरिफा खातून (09) का विकेट गिरने के साथ बंगलादेश की टीम 88 रन के स्कोर पर ढेर हो गई।

भारत की तरफ से प्रेमा रावत ने 3 विकेट लिए, जबकि तनुजा कंवर और सोनिया मेंधिया ने दो-दो विकेट हासिल किए। कप्तान राधा यादव, साइमा ठाकोर और मिन्नू मणि ने एक-एक विकेट निकाले।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह