महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने लगाई जीत की हैट्रिक, थाईलैंड को 7-0 से हराया, दीपिका ने दागे तीन गोल
- जापान की भी लगातार तीसरी जीत, मलेशिया ने कोरिया को हराया
भोपाल, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में खेली जा रही महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। रविवार को टूर्नामेंट के तीसरे दिन मेजबान भारत ने थाईलैंड को 7-0 से करारी शिकस्त देकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इस मुकाबले में दीपिका ने तीन गोल दागे। वहीं जापान ने चीन को 3-1 से हराकर जीत की हैट्रिक लगाई, जबकि मलेशिया ने कोरिया को इसी अंतर से पराजित किया।
पहले क्वार्टर में ही भारत ने बनाई मजबूत बढ़त
भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित नए अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में शनिवार शाम को भारत और थाईलैंड के बीच खेले गए मुकाबले में मेजबान टीम शुरू से ही आक्रामक नजर आई। पहले क्वार्टर में भारत ने तीन गोल कर थाईलैंड पर दबाव बना दिया। नवनीत कौर ने तीसरे मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला, जबकि दीपिका ने नौवें और दसवें मिनट में लगातार दो गोल दागे।
दूसरे क्वार्टर में मुमताज खान ने 27वें मिनट में गोल किया। इसके बाद सुनेलिता टोप्पो ने 31वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट तक पहुंचाकर भारत की बढ़त 5-0 कर दी। तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने एक गोल किया। मुकाबले के 55वें मिनट में दीपिका ने अपना तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। इसी मिनट नवनीत कौर ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल कर भारत को 7-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी।
मलेशिया ने कोरिया को 3-1 से हराया
इससे पहले दिन के एक अन्य मुकाबले में मलेशिया ने कोरिया को 3-1 से पराजित किया। तीसरे क्वार्टर में मलेशियाई खिलाड़ियों ने दो गोल कर मैच का रुख अपनी ओर कर लिया। नूरमाइजातुल स्याफी ने 32वें मिनट और नूरामिराह जुल्किफ्ली ने 37वें मिनट में गोल किया। इससे पहले कोरिया की साएना जियोंग ने 35वें मिनट में गोल कर वापसी की कोशिश की थी। हालांकि, मैच के 59वें मिनट में सिती मोहद ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल कर मलेशिया की जीत सुनिश्चित कर दी।
चीन को हराकर जापान ने भी दर्ज की तीसरी जीत
दिन के तीसरे मुकाबले में जापान ने चीन को 3-1 से शिकस्त दी। जापान की ओर से यामामोटो रीना ने 18वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद कानेको नानामी ने 34वें मिनट में टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। चीन की काई वेनकियान ने 44वें मिनट में गोल कर अंतर घटाया, लेकिन जापान ने अंतिम क्षणों में एक और गोल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। मारुयामा निको ने 59 मिनट 58 सेकंड पर गोल किया। इस जीत के साथ जापान ने भी टूर्नामेंट में लगातार तीसरी सफलता हासिल की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर