दीपिका की हैट्रिक से भारत की बड़ी जीत, थाईलैंड को 7-0 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची टीम

 


भोपाल, 22 नवंबर (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए थाईलैंड को 7-0 से हरा दिया। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में रविवार को खेले गए मुकाबले में दीपिका ने हैट्रिक लगाई, जबकि नवनीत कौर ने दो गोल किए। मुमताज खान और सुनेलिता टोप्पो ने भी एक-एक गोल का योगदान दिया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।

भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। चौथे मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक पर नवनीत कौर ने गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद दीपिका ने 10वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त दोगुनी कर दी। अगले ही मिनट उन्होंने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर भारत को 3-0 से आगे कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में थाईलैंड ने रक्षात्मक खेल के जरिए भारतीय हमलों को रोकने की कोशिश की। हालांकि, 28वें मिनट में रुतुजा दादासो पिसल और नवनीत कौर के बेहतरीन तालमेल से बने मूव पर मुमताज खान ने गोल कर दिया। मध्यांतर तक भारत ने 4-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी।

तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और लगातार आक्रमण किए। 32वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 5-0 कर दी। थाईलैंड की टीम कुछ हमले करने में सफल रही, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने उन्हें गोल करने का मौका नहीं दिया।

अंतिम क्वार्टर में दीपिका ने 56वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर अपना तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की। इसी मिनट नवनीत कौर ने पेनल्टी स्ट्रोक पर अपना दूसरा गोल दागते हुए भारत को 7-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी।

तीन मैचों में तीन जीत के साथ भारत के नौ अंक हो गए हैं। बेहतर गोल अंतर (+11) के आधार पर भारतीय टीम अंकतालिका में जापान से आगे है। जापान के भी नौ अंक हैं, लेकिन उसका गोल अंतर +6 है। दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं, जबकि राउंड रॉबिन चरण के दो मुकाबले अभी बाकी हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय