जर्मनी को 3-1 से हराकर भारत ने रचा इतिहास, महिला हॉकी विश्व कप में 5वें स्थान पर किया कब्जा

 




एम्स्टेलवीन, 27 अगस्त (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व की पांचवें नंबर की टीम जर्मनी को 3-1 से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में पांचवां स्थान हासिल किया, जो 1974 के बाद महिला विश्व कप में टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

पहले दो क्वार्टर में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं, लेकिन तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने अपने खेल का स्तर पूरी तरह बदल दिया। इशिका ने शानदार गोल कर भारत का खाता खोला, जिसके तुरंत बाद नवनीत कौर ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त दोगुनी कर दी।

भारतीय टीम ने यहीं रुकने के बजाय चौथे क्वार्टर में भी अपना दबदबा कायम रखा। 47वें मिनट में कप्तान सलीमा टेटे के शानदार पास पर नवनीत ने जर्मन डिफेंस को चकमा देते हुए अपना दूसरा गोल दागा और भारत को 3-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।

जर्मनी ने अंतिम क्षणों में वापसी की कोशिश की। 59वें मिनट में लिन क्रिंग्स ने गोल कर अंतर जरूर कम किया, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने आखिरी तक मजबूती से मोर्चा संभाले रखा। मुकाबला समाप्त होने से कुछ सेकंड पहले जर्मनी को पेनल्टी कॉर्नर भी मिला, मगर भारत ने उसे नाकाम कर 3-1 की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित कर ली।

इससे पहले, मैच के शुरुआती 30 मिनट बेहद प्रतिस्पर्धी रहे। जर्मनी ने अधिक गेंद पर कब्जा रखा, लेकिन भारतीय गोलकीपर और रक्षापंक्ति ने कोई बड़ा मौका नहीं दिया। भारत की ओर से बिचू देवी ने अहम बचाव किए, जबकि नवनीत, सलीमा टेटे और लालरेम्सियामी ने लगातार जर्मन गोल पर दबाव बनाए रखा।

भारत ने इस विश्व कप अभियान में छह मैचों में दो जीत, तीन ड्रॉ और सिर्फ एक हार दर्ज की। टीम को एकमात्र हार मौजूदा चैंपियन नीदरलैंड्स के खिलाफ मिली। भारत ने चीन, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों को ड्रॉ पर रोका, जबकि दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से हराकर विश्व कप की अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय