हरमनप्रीत की आतिशी पारी से भारत का टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप, तीसरे मैच में जिम्बाब्वे को 92 रन से हराया

 








रायपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने तीसरे और अंतिम टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 92 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। भारत की जीत की नायिका पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर रहीं, जिन्होंने लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझने के बाद शानदार वापसी करते हुए महज 41 गेंदों में नाबाद 91 रन बनाए। अपनी पारी के बाद बातचीत के दौरान हरमनप्रीत भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

हरमनप्रीत ने अपनी पारी में 10 चौके और पांच छक्के लगाए। इनिंग्स ब्रेक के दौरान उन्होंने कहा कि क्रीज पर समय बिताकर उन्हें अच्छा लग रहा है। वह मैदान पर उतरकर अपनी बल्लेबाजी का आनंद लेना और ज्यादा से ज्यादा देर तक क्रीज पर टिकना चाहती थीं। अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए वह बीच बातचीत में ही रो पड़ीं।

भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान स्मृति मंधाना ने अन्य बल्लेबाजों को मौका देने के उद्देश्य से खुद ओपनिंग नहीं की और अनुष्का शर्मा को पारी की शुरुआत करने भेजा। शेफाली वर्मा और अनुष्का ने पहले विकेट के लिए 32 गेंदों में 54 रन जोड़कर भारत को तेज शुरुआत दिलाई।

शेफाली ने आक्रामक अंदाज जारी रखते हुए 37 गेंदों में छह चौकों और पांच छक्कों की मदद से 69 रन बनाए। यह सीरीज में उनका लगातार दूसरा अर्धशतक रहा। उनके आउट होने के बाद हरमनप्रीत ने मोर्चा संभाला और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किए। उनकी विस्फोटक पारी ने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 124 रन ही बना सकी। भारत की ओर से नंदनी शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, दीप्ति शर्मा और निकी प्रसाद को एक-एक सफलता मिली।

इस जीत के साथ भारत ने टी20 सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया। अब दोनों टीमें वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी। तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 23 अक्टूबर से वडोदरा में खेला जाएगा।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय