हरमनप्रीत और दीप्ति के शतक, वैष्णवी की फिरकी से भारत ने जिम्बाब्वे को रौंदा
वडोदरा, 25 अक्टूबर (हि.स.)। हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के शानदार शतकों के बाद वैष्णवी शर्मा की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दूसरे वनडे में जिम्बाब्वे को 121 रन से हरा दिया। रविवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 328 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 48.5 ओवर में 207 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।
भारत की ओर से पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 121 गेंदों में 15 चौकों की मदद से 126 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, दीप्ति शर्मा ने 86 गेंदों पर 15 चौकों के सहारे 106 रन बनाए। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 137 गेंदों में 153 रन की साझेदारी हुई, जिसने भारतीय पारी को मजबूती दी और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
भारतीय टीम की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। महज 19 रन पर दो विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई थी। इसके बाद हरमनप्रीत ने सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल के साथ तीसरे विकेट के लिए 124 रन जोड़कर पारी को संभाला। प्रतिका ने 67 गेंदों में 61 रन बनाए। शुरुआती झटकों से उबरने के बाद भारतीय बल्लेबाजों ने रन गति बढ़ाई और स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया।
329 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने शुरुआती 10 ओवर में एक विकेट खोकर 47 रन बना लिए थे। हालांकि, इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर विपक्षी टीम को दबाव में ला दिया।
जिम्बाब्वे की ओर से सलामी बल्लेबाज मोडेस्टर मुपाचिकवा ने सर्वाधिक 49 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। टीम के पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके, जबकि तीन खिलाड़ी खाता खोले बिना आउट हो गईं।
भारत के लिए वैष्णवी शर्मा ने सबसे अधिक चार विकेट झटके और जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय