हॉकी टुर्नामेंट: श्याम लाल कॉलेज ने सेंट स्टीफंस को 13-1 से हराया

 


नई दिल्ली, 18 मार्च (हि.स.)। पांचवें पीएसपीबी बाबा दीप सिंह हॉकी (पुरुष एवं महिला) टूर्नामेंट के दूसरे दिन पुरुष वर्ग में श्याम लाल कॉलेज ने सेंट स्टीफंस कॉलेज को एकतरफा मुकाबले में 13-1 से करारी शिकस्त दी।

श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के मैदान पर श्याम लाल कॉलेज के अतुल चौधरी ने 5, प्रत्युष सिंह जग्गी ने 3, मनमोहन, अभिषेक, हर्ष, पंकज और आकाश ने एक-एक गोल किया। पराजित टीम के लिए एकमात्र गोल विशाल ने किया। श्याम लाल कॉलेज के अतुल चौधरी को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला। सेंट स्टीफंस कॉलेज की यह लगातार दूसरी बड़ी हार है।

हंसराज कॉलेज और इंदिरा गांधी शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान संस्थान (आईजीआईपीईएसएस) के बीच मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा। हंसराज कॉलेज के गुरशीष को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला।

महिला वर्ग में दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज को 2-1 से मात दी। दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना की संगीता यादव को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह