जुगराज सिंह ने पूरे किए 100 अंतरराष्ट्रीय मैच, हॉकी इंडिया ने दी बधाई
रॉटरडैम (नीदरलैंड्स), 18 जून (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के डिफेंडर और ड्रैगफ्लिक विशेषज्ञ जुगराज सिंह ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपने 100 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे कर लिए। यह उपलब्धि उन्होंने जर्मनी के खिलाफ एफआईएच प्रो लीग मुकाबले के दौरान हासिल की। इस अवसर पर हॉकी इंडिया ने उन्हें बधाई दी।
पंजाब के अमृतसर से संबंध रखने वाले 29 वर्षीय जुगराज सिंह ने वर्ष 2022 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित एफआईएच प्रो लीग के दौरान भारतीय सीनियर टीम के लिए पदार्पण किया था। इसके बाद उन्होंने अपनी सटीक ड्रैगफ्लिक और मजबूत रक्षात्मक खेल के दम पर टीम में महत्वपूर्ण स्थान बना लिया।
जुगराज भारत की कई उल्लेखनीय सफलताओं का हिस्सा रहे हैं। वह वर्ष 2025 में बिहार के राजगीर में आयोजित पुरुष हॉकी एशिया कप 2025 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य थे। इसके अलावा उन्होंने 2023 में चेन्नई और 2024 में चीन में आयोजित एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके खाते में 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स का रजत पदक भी शामिल है।
इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए जुगराज सिंह ने कहा कि भारत के लिए 100 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने अपने परिवार, हॉकी इंडिया, कोचों और साथियों का समर्थन और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य भविष्य में भी कड़ी मेहनत करते हुए टीम की सफलता में योगदान देना और देश के लिए अधिक से अधिक उपलब्धियां हासिल करना है।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने जुगराज की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पदार्पण के बाद से लगातार शानदार प्रगति की है। उनकी पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करने की क्षमता और मजबूत रक्षा भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
वहीं हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि 100 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करना किसी भी खिलाड़ी के लिए गर्व का क्षण होता है। जुगराज ने पिछले चार वर्षों में निरंतर विकास और दृढ़ता का परिचय दिया है तथा उनका सफर देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय