एफआईएच प्रो लीग: पेनल्टी शूटआउट में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 5-4 से हराया
होबार्ट (ऑस्ट्रेलिया), 22 फरवरी (हि.स.)। होबार्ट के तस्मानिया हॉकी सेंटर में रविवार को खेले गए एफआईएच पुरुष प्रो लीग 2025-26 के मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में 4-5 से करीबी हार का सामना करना पड़ा। मैच के अंत तक दोनों टीमें 2-2 के स्कोर से बराबरी पर थीं।
भारत की तरफ से अमित रोहिदास (15वें मिनट) और जुगराज सिंह (43वें मिनट) ने गोल किए, जबकि ऑस्ट्रेलिया के जोएल रिंटाला (47वें और 56वें मिनट) के दो गोलों से स्कोर बराबर हो गया।
मैच के शुरुआती समय में मेजबान टीम ने दबदबा बनाया और लगातार मजबूत पासिंग से भारत को अपने हाफ में सीमित रखा। हालांकि, भारतीय टीम ने दृढ़ रक्षात्मक खेल के साथ आगे बढ़ते हुए धीरे-धीरे ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाना शुरू किया। पहले क्वार्टर के अंत में भारत को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला और अमित रोहिदास ने 15वें मिनट में शानदार गोल दागकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने मौके बनाए। हालांकि दोनों ओर से कोई गोल नहीं हुआ। भारतीय टीम ने रक्षात्मक खेल दिखाते हुए हाफ टाइम तक अपनी एक गोल की बढ़त बरकरार रखी।
तीसरे क्वार्टर में ऑस्ट्रेलिया ने आक्रामक खेल दिखाया और लगातार बराबरी के प्रयास किए, लेकिन 43वें मिनट में जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर से एक जोरदार ड्रैगफ्लिक शॉट लगाकर भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया।
चौथे क्वार्टर में 47वें मिनट में ऑस्ट्रेलिया के जोएल रिंटाला ने गोल करके अंतर को कम करने में कामयाबी हासिल की। मैच के अंतिम मिनटों में रिंटाला ने पेनल्टी कॉर्नर से अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-2 से बराबरी कर दिया। इसके बाद विजेता का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ।
पेनल्टी शूटआउट बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने अपने पहले चार पेनल्टी गोल भुनाए, लेकिन अंतिम पेनल्टी में आदित्य अर्जुन ललागे का प्रयास जेड स्नोडेन ने रोक दिया। इस बचाव के कारण ऑस्ट्रेलिया ने 5-4 से मैच जीत लिया।
भारतीय टीम अब 24 फरवरी को एफआईएच पुरुष प्रो लीग 2025-26 के होबार्ट चरण में अपने तीसरे मैच में स्पेन का सामना करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह